पानीपत में लोहे का गेट गिरने से 8 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौ*त
पानीपत के इसराना में निर्माणाधीन मकान का लोहे का गेट गिरने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
- पानीपत के इसराना में निर्माणाधीन मकान का लोहे का गेट गिरने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत
- गेट पर झूलते समय अचानक निकला कुंडा, भारी गेट बच्चे के ऊपर आ गिरा
- पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, किसी पक्ष ने शिकायत नहीं दी
हरियाणा के पानीपत जिले के इसराना क्षेत्र की धौला कॉलोनी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। निर्माणाधीन मकान का लोहे का गेट अचानक गिरने से बच्चा उसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बच्चा मकान के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वह वहां लगे लोहे के गेट पर झूलने लगा। बताया जा रहा है कि गेट अभी पूरी तरह फिट नहीं किया गया था। अचानक उसका कुंडा निकल गया और भारी गेट सीधे बच्चे के ऊपर आ गिरा।
हादसे के बाद आसपास खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत गेट हटाकर बच्चे को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने कुछ देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अंकित (8) के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश निवासी राममिलन का बेटा था। राममिलन अपने परिवार के साथ इसराना में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है। परिवार में तीन बेटियां और एकमात्र बेटा अंकित था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के अनुसार, जिस मकान में हादसा हुआ, उसी परिसर के एक कमरे में उनका परिवार किराए पर रहता है। वहीं मकान का निर्माण कार्य भी चल रहा था। मिस्त्री लोहे का गेट तैयार कर रहे थे, लेकिन उसे पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्थापित नहीं किया गया था। इसी बीच खेलते-खेलते अंकित गेट के पास पहुंच गया और हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
pooja