साहब आपके साथ सेल्‍फी खींचनी है, पर फोन कीपैड़ वाला है कैसे सपना होगा पूरा.. हरियाणा के युवक की बात सुनकर अनुपम ने गिफ्ट में दिया स्‍मार्टफोन

सोहना में फिल्म शूटिंग के दौरान अनुपम खेर ने सिक्योरिटी गार्ड को स्मार्टफोन गिफ्ट किया। फोटो की चिंता सुनकर लिया गया यह फैसला अब चर्चा में है।

साहब आपके साथ सेल्‍फी खींचनी है, पर फोन कीपैड़ वाला है कैसे सपना होगा पूरा.. हरियाणा के युवक की बात सुनकर अनुपम ने गिफ्ट में दिया स्‍मार्टफोन

• सोहना में शूटिंग के दौरान अनुपम खेर ने सिक्योरिटी गार्ड को स्मार्टफोन गिफ्ट किया
• फोटो न मिल पाने की चिंता सुनकर दिल जीत लेने वाला पल बना
• गार्ड धर्मेंद्र अपने 12वीं में पढ़ने वाले बेटे को देंगे फोन



हरियाणा के गुरुग्राम के सोहना में फिल्म “खोसला का घोंसला-2” की शूटिंग के दौरान अभिनेता अनुपम खेर ने इंसानियत की मिसाल पेश की। सेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड धर्मेंद्र की एक छोटी-सी चिंता ने इस पल को खास बना दिया।

धर्मेंद्र अपने कीपैड फोन के साथ अनुपम खेर के पास फोटो खिंचवाने पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने कहा कि उनके पास फोटो देखने या पाने का साधन नहीं है। यह बात सुनकर अनुपम खेर भावुक हो गए और उन्होंने वहीं पर धर्मेंद्र को स्मार्टफोन गिफ्ट कर दिया।

नया फोन मिलते ही धर्मेंद्र ने अनुपम खेर के साथ पहली फोटो खिंचवाई और उसे फोन के वॉलपेपर पर भी लगा लिया। इस पूरे वाकये का वीडियो अनुपम खेर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

दैनिक भास्कर से बातचीत में धर्मेंद्र ने बताया कि वह यह स्मार्टफोन अपने 12वीं में पढ़ने वाले बेटे को देंगे, ताकि उसकी ऑनलाइन पढ़ाई में मदद हो सके। उनके लिए यह गिफ्ट किसी खजाने से कम नहीं है।

वीडियो में अनुपम खेर मजाकिया अंदाज में धर्मेंद्र से उनका पुराना फोन मंगवाते हैं और कहते हैं कि जब आपने कहा था कि आपके पास फोटो वाला फोन नहीं है, तब मुझे अच्छा नहीं लगा। इसलिए मैं आपके लिए फोटो वाला फोन लेकर आया हूं। यह सुनकर वहां मौजूद लोग तालियां बजाने लगते हैं।

धर्मेंद्र ने बातचीत के दौरान अनुपम खेर की पुरानी फिल्म का एक सीन भी याद किया, जिस पर सेट पर मौजूद सभी लोग हंस पड़े। भावुक माहौल में अनुपम खेर ने कहा कि जिंदगी में “कुछ भी हो सकता है” और आज वही हुआ है।

धर्मेंद्र ने बताया कि वह मोहन सिक्योरिटी एजेंसी में काम करते हैं और 12 घंटे की ड्यूटी के बदले उन्हें 15 हजार रुपए महीने मिलते हैं। उनकी पत्नी सिलाई करती हैं और परिवार किसी तरह मेहनत से गुजर-बसर कर रहा है।

यह गिफ्ट उन्हें 17 जनवरी को शूटिंग खत्म होने के बाद मिला। घर पहुंचकर जब उन्होंने परिवार को यह किस्सा सुनाया तो किसी को यकीन नहीं हुआ, लेकिन बाद में सबकी आंखें खुशी से भर आईं।