हरियाणा में मानसून पर ब्रेक,मोरनी में लैंडस्लाइड, ट्रैक पर गिरा मलबा
हरियाणा में मानसून कमजोर पड़ने से अगले सप्ताह बारिश कम होगी। मोरनी में लैंडस्लाइड, अंबाला में जलभराव और कालका-शिमला ट्रैक पर मलबा गिरा।
➤ हरियाणा में मानसूनी हवाएं कमजोर, अगले सप्ताह बारिश के आसार कम
➤ मोरनी में लैंडस्लाइड, अंबाला की 10 कॉलोनियों में 3 फीट तक भरा पानी
➤ हिसार 37°C के साथ सबसे गर्म, सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून फिर सक्रिय होने की संभावना
हरियाणा में मानसून की गतिविधियों पर करीब एक सप्ताह का ब्रेक लगने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही मानसूनी हवाओं की रफ्तार अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी है। इसके चलते अगले सप्ताह प्रदेश में ज्यादा बरसात के आसार नहीं हैं। हालांकि, सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है।
अगस्त महीने में हरियाणा में अब तक 257.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 14 फीसदी कम है। वहीं, एक दिन पहले 19 अगस्त को कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा 84.5 MM बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पंचकूला में 67.5 MM, यमुनानगर में 60 MM, फतेहाबाद में 32 MM और सोनीपत में 29.5 MM बारिश दर्ज की गई।
अंबाला में टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ा, 10 कॉलोनियों में भरा पानी
पहाड़ों में हुई भारी बारिश का असर अंबाला कैंट में भी देखने को मिला। मंगलवार देर रात टांगरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़कर 27,720 क्यूसेक पहुंच गया। रात करीब 11:30 बजे आसपास की 10 कॉलोनियों में 3 फीट तक पानी भर गया।
हालांकि, प्रशासन की पूर्व घोषणा से लोग अलर्ट हो गए थे। बुधवार सुबह तक पानी उतरना शुरू हो गया।
मोरनी में लैंडस्लाइड, मकानों पर मंडराया खतरा
पंचकूला जिले में भारी बारिश के चलते मोरनी हिल्स क्षेत्र में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ। इससे कई मकानों पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
वहीं, पंचकूला में घग्गर नदी भी पूरे उफान पर बह रही है। बारिश के कारण इलाके में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
पंचकूला में अलीपुर-खटोली पुल भी टूट गया। इसके बाद पुलिस ने इस पर दोनों तरफ से ट्रैफिक बंद कर दिया। यहां से लोग केवल पैदल ही निकल रहे हैं। बुधवार को भी यही हालात थे।
सोनीपत में बारिश से मकान में उतरा करंट, युवक की मौत
सोनीपत के कबीरपुर में बारिश के कारण मकान में करंट उतर आया। बुधवार सुबह 30 वर्षीय आकाश लोहे की सीढ़ियों से छत पर जा रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया।
उसे बचाने की कोशिश में परिजनों को भी झटके लगे। हादसे में आकाश की जान चली गई।
पानीपत और फरीदाबाद में जलभराव
तेज बारिश के कारण पानीपत और फरीदाबाद में प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में भारी जलभराव देखने को मिला। इससे सुबह के वक्त वाहन ड्राइवरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फरीदाबाद में देर शाम हुई बारिश के बीच लोग बारिश के बीच से गुजरते नजर आए।
कालका-शिमला ट्रैक पर गिरा भारी मलबा
बारिश के बीच कालका-शिमला रेलखंड पर भी परेशानी सामने आई। बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे गुम्मन और कोटी स्टेशन के बीच पहाड़ी से भारी मलबा आ गिरा।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन संख्या 52458 (कालका-शिमला एक्सप्रेस) को कोटी स्टेशन पर ही रोक दिया गया। ट्रेन में सवार 172 यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेलवे ने स्थानीय सेना के अधिकारियों से मदद मांगी।
हिसार 37°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म
हरियाणा में औसतन अधिकतम तापमान में 0.4°C की मामूली बढ़त देखी गई, हालांकि यह सामान्य के आसपास ही बना रहा। प्रदेश में हिसार सबसे गर्म दर्ज किया गया, जहां पारा 37.0°C तक पहुंच गया।
इसके अलावा नारनौल में 36.5°C, रोहतक में 36.2°C और भिवानी में 36.0°C तापमान दर्ज हुआ। वहीं बारिश वाले इलाकों जैसे कुरुक्षेत्र में 32.5°C और गुरुग्राम में 33.0°C अधिकतम तापमान रहा।
गुरुग्राम में सबसे ठंडी रात, सिरसा में तापमान सबसे ज्यादा
हरियाणा में औसतन न्यूनतम तापमान 0.3°C गिरा है। प्रदेश भर में रात का तापमान सामान्य के करीब रहा।
गुरुग्राम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8°C कम रहा। इसके अलावा चंडीगढ़ में 23.2°C, नूंह व नारनौल में 24.5°C और पंचकूला में 25.1°C न्यूनतम तापमान रहा।
वहीं सिरसा में रात का तापमान सबसे ज्यादा 27.7°C दर्ज हुआ।
मानसूनी हवाओं की रफ्तार धीमी होने के साथ अब प्रदेश में अगले सप्ताह बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है। करीब एक सप्ताह के ब्रेक के बाद सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है।
pooja