ASI संदीप लाठर केस: पुलिस कर्मियों ने जुटाया एक करोड़ का सहयोग

ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में हरियाणा पुलिस कर्मियों ने एक करोड़ रुपए की मदद जुटाई, लेकिन कार्रवाई और बच्चों की शिक्षा को लेकर परिवार अब भी असंतुष्ट है।

ASI संदीप लाठर केस: पुलिस कर्मियों ने जुटाया एक करोड़ का सहयोग

➤ ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में हरियाणा पुलिस कर्मियों ने जुटाए करीब एक करोड़ रुपए
➤ तत्कालीन DGP ओपी सिंह की अपील पर पुलिस महकमे ने दिखाई सामूहिक दरियादिली
➤ आर्थिक मदद के बावजूद कार्रवाई और बच्चों की शिक्षा को लेकर परिवार असंतुष्ट



 हरियाणा पुलिस के ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में पीड़ित परिवार के लिए पुलिस विभाग ने बड़ी आर्थिक मदद जुटाई है। तत्कालीन DGP ओपी सिंह की अपील के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर लगभग एक करोड़ रुपए की राशि एकत्र की। यह रकम संदीप लाठर के परिवार को सौंप दी गई है।

हरियाणा पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, हाल ही में 54 लाख रुपए का चेक परिवार को दिया गया है। शेष राशि अलग-अलग अवसरों पर या सीधे पारिवारिक सदस्यों के बैंक खातों में जमा कराई गई। पुलिस विभाग का कहना है कि यह सहयोग मानवीय आधार पर किया गया।

ASI संदीप लाठर ने 14 अक्टूबर को रोहतक के लाढ़ौत गांव में सर्विस रिवॉल्वर से सुसाइड कर लिया था। सुसाइड से पहले उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया और चार पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा। नोट में उन्होंने दिवंगत IPS वाई पूरन कुमार पर जातिगत भेदभाव और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे।

सुसाइड के बाद हरियाणा पुलिस ने कर्मचारियों से आर्थिक सहायता की अपील करते हुए एक आधिकारिक लेटर जारी किया था। इसमें बताया गया था कि संदीप लाठर एक ईमानदार अधिकारी थे और उनके परिवार में मां, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं, जिनमें से दो बच्चे नाबालिग हैं।

हालांकि, आर्थिक मदद मिलने के बावजूद परिवार अब भी असंतुष्ट है। परिजनों का कहना है कि सरकार ने लाठर की विधवा पत्नी को एमडीयू के कैंपस स्कूल में पीजीटी शिक्षक की नौकरी देने की पेशकश की है और जॉइनिंग प्रक्रिया चल रही है। इसके बावजूद बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने का जो आश्वासन दिया गया था, वह अब तक पूरा नहीं हुआ है।

परिवार का आरोप है कि लाठर की मौत से जुड़े मामले में भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने जांच में तेजी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस केस में लाठर की पत्नी संतोष की शिकायत पर पुलिस ने दिवंगत IPS वाई पूरन कुमार की IAS पत्नी अमनीत पी. कुमार, उनके साले और पंजाब से विधायक अमित रतन, गनमैन सुशील कुमार और IG ऑफिस के सिक्योरिटी इंचार्ज सुनील समेत एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच के लिए DSP के नेतृत्व में SIT गठित की गई है और जांच जारी है।

परिवार ने जानकारी दी है कि संदीप लाठर की छमाही 9 जनवरी को उनके पैतृक गांव जुलाना, जींद में आयोजित की जाएगी।