अटल टनल के पास दर्दनाक हादसा, पुल के सरियों में फंसी स्कॉर्पियो; राजस्थान के युवक की मौत
अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास अनियंत्रित स्कॉर्पियो निर्माणाधीन पुल के सरियों में जा फंसी। हादसे में राजस्थान के एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पर्यटक घायल हुए हैं।
➤ अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुल में जा फंसी स्कॉर्पियो
➤ राजस्थान के सीकर निवासी युवक की मौत, तीन अन्य पर्यटक घायल
➤ पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू की
हिमाचल प्रदेश के अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और चंद्रा नदी के किनारे बन रहे निर्माणाधीन पुल के सरियों में जा फंस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान 34 वर्षीय कैलाश पुत्र गोविंद राम, निवासी सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है। हादसे में राजेंद्र (सीकर, राजस्थान), आदित्य (लखीमपुर, उत्तर प्रदेश) और वाहन चालक सिद्धार्थ (सीकर, राजस्थान) घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सभी पर्यटक स्कॉर्पियो (RJ UD 4099) में सवार होकर मनाली से लाहौल की ओर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से बाहर निकलते ही चालक मोड़ नहीं काट पाया। तेज रफ्तार के कारण वाहन सड़क से नीचे उतर गया और निर्माणाधीन पुल से टकराकर सरियों में बुरी तरह फंस गया।
हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन के नियंत्रण से बाहर होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan