रेप आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली
बहादुरगढ़ में 10 वर्षीय बच्ची रेप केस के दो आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। AVT टीम पर फायरिंग के बाद एक आरोपी घायल हुआ और दोनों गिरफ्तार कर लिए गए।
- बहादुरगढ़ में रेप आरोपियों और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़
- AVT टीम पर आरोपियों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल
- 10 वर्षीय बच्ची से रेप मामले में फरार दोनों आरोपी गिरफ्तार
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में 10 वर्षीय बच्ची से रेप के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की पुलिस के साथ देर रात मुठभेड़ हो गई। घटना कसार गांव के पास केएलजे हाइट्स के नजदीक हुई, जहां आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाइनपार क्षेत्र निवासी मोहित उर्फ मेंडी और दीपक के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान घायल हुए मोहित को पहले बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बाद में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपियों पर एक दिन पहले 10 वर्षीय बच्ची से रेप करने का आरोप है। वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
डीसीपी क्राइम शुभम सिंह ने बताया कि AVT टीम को आरोपियों की लोकेशन मिलने के बाद कार्रवाई की गई। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी मोहित घायल हो गया।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने मौके से आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोहित उर्फ मेंडी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ चोरी, छीना-झपटी और मारपीट सहित करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरे आरोपी दीपक के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
Akhil Mahajan