'धुरंधर द रिवेंज' में छाई हरियाणा की बहूवकील वीना के किरदार में दिखीं

नारनौल की बहू भाषा सुंबली फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ में अपनी दमदार एक्टिंग से चर्चा में हैं। उन्होंने रणवीर सिंह के साथ वकील वीना का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीता।

हरियाणा की बहू भाषा सुंबली का बॉलीवुड में जलवा
‘धुरंधर द रिवेंज’ में वकील वीना के रोल से बटोरी सुर्खियां
NSD से शुरू हुई लव स्टोरी, नारनौल से जुड़ा खास रिश्ता


हरियाणा के नारनौल की बहू और अभिनेत्री भाषा सुंबली इन दिनों फिल्म धुरंधर द रिवेंज में अपनी दमदार एक्टिंग से सुर्खियां बटोर रही हैं। फिल्म में उन्होंने अभिनेता रणवीर सिंह के किरदार जसकीरत की वकील वीना का रोल निभाया है। खासतौर पर उनके कोर्टरूम सीन दर्शकों को बेहद पसंद आ रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी उनकी खूब तारीफ हो रही है।

हरियाणा की बहू भाषा सुंबली फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ के डायरेक्टर आदित्य धर के साथ।

भाषा सुंबली मूल रूप से जम्मू-कश्मीर की रहने वाली हैं, लेकिन शादी के बाद उनका गहरा रिश्ता हरियाणा के नारनौल से जुड़ गया। करीब छह साल पहले उन्होंने अभिनेता सुनील सोनी से शादी की, जो नारनौल के रहने वाले हैं। दोनों की मुलाकात नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) में पढ़ाई के दौरान हुई थी, जहां साथ काम करते-करते दोस्ती प्यार में बदल गई और फिर दोनों ने शादी कर ली।

भाषा सुंबली का अभिनय सफर काफी मजबूत रहा है। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान फिल्म द कश्मीर फाइल्स में ‘शारदा पंडित’ के किरदार से मिली। इसके अलावा उन्होंने छपाक में दीपिका पादुकोण के साथ काम किया, जबकि बारामूला में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी रिलीज हुई थी।

फिल्मों के अलावा भाषा का थिएटर से भी गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने मुंबई में कई स्टेज शो और बच्चों के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। अभिनय के प्रति उनकी लगन और मेहनत ही उन्हें आज इस मुकाम तक लेकर आई है।

वहीं उनके पति सुनील सोनी भी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने दबंग 3 सहित कई प्रोजेक्ट्स में काम किया है और टीवी शो जैसे इंडियाज गॉट टैलेंट में भी नजर आ चुके हैं। दोनों पति-पत्नी अब मुंबई में रहकर अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं, लेकिन उनका जुड़ाव आज भी नारनौल से बना हुआ है।

भाषा सुंबली का जन्म एक कश्मीरी पंडित परिवार में हुआ। उनके पिता अग्निशेखर जाने-माने हिंदी कवि और लेखक हैं, जबकि उनकी मां क्षमा कौल एक प्रसिद्ध लेखिका और कवयित्री हैं। 1990 के दशक में कश्मीरी हिंदुओं के विस्थापन के दौरान उनका परिवार दिल्ली में आकर बस गया था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद भाषा ने अपने हुनर के दम पर बॉलीवुड में खास पहचान बनाई है।