हरियाणा पुलिस ने कुख्यात बदमाश भीम जोरा को एनकाउंटर में किया ढेर, एक लाख का था इनाम

गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नेपाल मूल के कुख्यात अपराधी भीम जोरा का एनकाउंटर हुआ। डॉक्टर की हत्या और बीजेपी नेत्री के घर चोरी के आरोपी जोरा की तलाश में पुलिस 17 महीने से लगी थी। एनकाउंटर में इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा बाल-बाल बचे।

हरियाणा पुलिस ने कुख्यात बदमाश भीम जोरा को एनकाउंटर में किया ढेर, एक लाख का था इनाम

• गुरुग्राम पुलिस ने नेपाल मूल के कुख्यात बदमाश भीम जोरा को एनकाउंटर में किया ढेर
• दिल्ली में डॉक्टर की हत्या और गुरुग्राम में बीजेपी नेत्री के घर चोरी का था आरोपी
• मुठभेड़ में इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली, बाल-बाल बचे


हरियाणा के गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार अलसुबह एनकाउंटर में नेपाल मूल के कुख्यात अपराधी भीम जोरा को ढेर कर दिया। जोरा पर दिल्ली के एक डॉक्टर की हत्या, डकैती और गुरुग्राम में भाजपा महरौली की जिला अध्यक्ष ममता भारद्वाज के घर में 22 लाख रुपये की चोरी के गंभीर आरोप थे। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

मंगलवार सुबह गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि भीम जोरा साउथ दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच सेक्टर 43 के प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही जोरा और उसके साथी ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला।

बदमाश के एनकाउंटर के बाद मौके पर जांच करती पुलिस टीमें।

इस दौरान एक गोली इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वे बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में भीम जोरा गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि उसका साथी फायरिंग करते हुए फरार हो गया। घायल जोरा को पुलिस ने तुरंत AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है।

गुरुग्राम पुलिस को लंबे समय से जोरा की तलाश थी। वह करीब 17 महीनों से फरार चल रहा था। पुलिस का कहना है कि पिछले महीने उसकी गैंग के तीन नेपाली साथियों को गिरफ्तार किया गया था। जोरा के एक अन्य साथी युवराज थापा को भी दो दिन पहले पकड़ा गया था।

बदमाश जोरा का एनकाउंटर करने वाली पुलिस टीम।

पुलिस के अनुसार, जोरा ने जुलाई 2025 में सिविल लाइन इलाके में 3.5 लाख की चोरी और दो अक्टूबर को ममता भारद्वाज के घर में 20 लाख की चोरी की थी। इसके अलावा मई 2024 में दिल्ली के जंगपुरा इलाके में डॉक्टर योगेश चंद्र पॉल की हत्या और डकैती में भी उसका नाम शामिल था।

डॉक्टर योगेश की हत्या के बाद दिल्ली पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम रखा था। यह वही अपराधी था, जिसकी तलाश में क्राइम ब्रांच सेक्टर 43 की टीम 17 महीनों से लगी हुई थी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू नौकरों की अनिवार्य वेरिफिकेशन कराएं ताकि ऐसे अपराधों को रोका जा सके।