भिवानी में युवक की बेरहमी से ह*त्या, पिता-पुत्र पर हाथ-पांव बांधकर पीटने का आरोप

भिवानी के दिनोद गांव में 23 वर्षीय युवक रवि की कथित पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की।

भिवानी में युवक की बेरहमी से ह*त्या, पिता-पुत्र पर हाथ-पांव बांधकर पीटने का आरोप
  • भिवानी के दिनोद गांव में 23 वर्षीय युवक रवि की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या
  • परिजनों का आरोप, पिता-पुत्र ने फोन कर खेत में बुलाया और हाथ-पांव बांधकर लाठी-डंडों से पीटा
  • इलाज के दौरान युवक की मौत, पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की

भिवानी जिले के दिनोद गांव में एक 23 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही पिता-पुत्र ने युवक को फोन कर अपने खेत में बुलाया, जहां उसके हाथ-पांव बांधकर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान दिनोद निवासी 23 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। रवि के ताऊ दुलीचंद ने बताया कि 6 जुलाई को गांव के ही आरोपी पिता-पुत्र ने कई बार फोन कर रवि को अपने खेत में बुलाया। आरोप है कि खेत पहुंचने के बाद दोनों ने उसके हाथ-पांव बांध दिए और खेत में बने कमरे में ले जाकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा

परिजनों के अनुसार, आरोपी रवि को अधमरी हालत में कमरे के बाहर छोड़कर चले गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल रवि को तत्काल भिवानी नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 7 जुलाई को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि जब रवि खेत के बाहर मिला तो उसके हाथ पर रस्सी बंधी हुई थी। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया गया कि रवि करीब दो वर्ष पहले आरोपियों के यहां ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था। वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और अविवाहित था। उसके परिवार में एक छोटा भाई और एक बहन हैं।

मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

सदर थाना के जांच अधिकारी सत्यपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक को घर से बुलाकर खेत में ले गए, जहां दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ और मारपीट की गई। गंभीर चोट लगने के बाद युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों द्वारा लाठी-डंडों से हमला किए जाने के आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।