भिवानी के माता पहाड़ी मंदिर में चोरी का मामला : पूर्व कर्मचारी निकला चढ़ावे का चोर, सोना-चांदी और नकदी बरामद

भिवानी के माता पहाड़ी मंदिर चोरी मामले में पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार। पुलिस ने दो लाख नकद, सोने का बिस्किट और लाखों रुपये के चांदी के सामान बरामद कर जांच तेज कर दी है।

भिवानी के माता पहाड़ी मंदिर में  चोरी का मामला :  पूर्व कर्मचारी निकला चढ़ावे का चोर, सोना-चांदी और नकदी बरामद

माता पहाड़ी मंदिर चोरी मामले में पूर्व कर्मचारी आशीष गिरफ्तार

दो लाख रुपये नकद, सोने का बिस्किट और लाखों के चांदी के सामान बरामद

तीन दिन के रिमांड में पुलिस ने किए कई अहम खुलासे, जांच अभी जारी


भिवानी जिले के ढिगावा मंडी स्थित प्रसिद्ध माता पहाड़ी मंदिर में चढ़ावे की नगदी और कीमती आभूषणों की चोरी के बहुचर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोहारू थाना पुलिस ने मंदिर के पूर्व कर्मचारी आशीष को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये के चढ़ावे की चोरी के मामले में कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ और तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान दो लाख रुपये नकद के साथ लाखों रुपये मूल्य के चांदी के बर्तन और आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।

यह मामला पहाड़ी गांव निवासी समाजसेवी नरेश की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में मंदिर से नगदी और कीमती आभूषण चोरी होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान 20 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी आशीष के घर की तलाशी ली। तलाशी में 100 ग्राम का सोने का बिस्किट, दो सोने के कड़े, एक चांदी का गिलास, दो चांदी के चम्मच, एक चांदी का दीपक सेट, एक चांदी की थाली, दो चांदी की प्लेटें, चार चांदी की कटोरियां और एक चांदी की लुटिया बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी इन कीमती सामानों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सभी सामान को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया गया। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि चोरी में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी और चोरी का पूरा नेटवर्क क्या था।

मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे की चोरी का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।