हरियाणा के मैकेनिक ने बनाई मिनी बाइक पिंकी टू- खासियत जानकर चौंक जाएंगे आप !

भिवानी के मैकेनिक दीपक ने स्कूटी के पार्ट्स से ‘पिंकी-2’ नाम की मिनी बाइक तैयार की है। इसे बनाने में सवा महीने का समय और 35-40 हजार रुपए खर्च हुए।

हरियाणा के मैकेनिक ने बनाई मिनी बाइक पिंकी टू- खासियत जानकर चौंक जाएंगे आप !

भिवानी के मैकेनिक ने तैयार की अनोखी मिनी बाइक ‘पिंकी-2’

सवा महीने में बनी बाइक पर 35-40 हजार रुपए हुए खर्च

अब इस मिनी बाइक को इलेक्ट्रिक में बदलने की तैयारी

भिवानी के एक मैकेनिक ने अपनी मेहनत और हुनर से एक अनोखी मिनी बाइक तैयार की है, जिसका नाम ‘पिंकी-2’ रखा गया है। यह बाइक खास तौर पर बच्चों के लिए बनाई गई है। बाइक की अधिकतम स्पीड 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है। इसे तैयार करने में करीब सवा महीने का समय और 35 से 40 हजार रुपए का खर्च आया है।

भिवानी के नेहरू पार्क के सामने घंटाघर से हांसी गेट के बीच स्थित वर्कशॉप चलाने वाले मैकेनिक दीपक ने बताया कि उन्होंने यह मिनी बाइक स्कूटी के बेस पर तैयार की है। उन्होंने आधी स्कूटी और आधे पार्ट्स अपने स्तर पर डिजाइन करके इसे बाइक का रूप दिया।

दीपक ने बताया कि दिल्ली के एक व्यक्ति द्वारा बनाई गई मिनी बाइक को देखकर उन्हें प्रेरणा मिली। उस व्यक्ति ने चैलेंज किया था, जिसके बाद उन्होंने भी इस तरह की बाइक तैयार करने का फैसला लिया। उन्होंने इस बाइक का नाम ‘पिंकी-2’ रखा।

मिनी बाइक को तैयार करने में अलग-अलग वाहनों के पार्ट्स का इस्तेमाल किया गया है। इसमें बुलेट मोटरसाइकिल की टंकी को काटकर छोटा किया गया है। वहीं हैंडल RX-100 बाइक का लगाया गया है। इसके अलावा हीरो होंडा के शॉकर और नीचे की लैग एक्टिवा स्कूटी की लगाई गई है।

दीपक ने बताया कि शुरुआत में बाइक बनाने में कई तकनीकी परेशानियां आईं, लेकिन अब पूरा अनुभव हो गया है। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में फिर से ऐसी बाइक बनानी पड़ी तो इसे 15 दिनों में तैयार किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि इस मिनी बाइक को बेचने के लिए नहीं बल्कि अपने घर और बच्चों के उपयोग के लिए तैयार किया गया है। साथ ही इसका मकसद यह दिखाना भी है कि हरियाणा में टैलेंट की कोई कमी नहीं है।

वर्कशॉप संचालक पवन सैनी ने बताया कि अब इस मिनी बाइक को इलेक्ट्रिक बाइक में बदलने की तैयारी चल रही है। इसके लिए जरूरी सामान इकट्ठा किया जा रहा है और पूरी प्रक्रिया में करीब दो महीने का समय लग सकता है।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाइक की स्पीड लिमिट 25-30 किलोमीटर प्रतिघंटा रखी गई है। दीपक ने पुलिस प्रशासन से भी अपील की है कि इस मिनी बाइक को चलाने की अनुमति दी जाए।