IAS केस पर हुड्डा की बड़ी मांग, सिटिंग जज से हो जांच
रोहतक में कबीर जयंती कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर बिजली, पानी, घोटालों और आईएएस गिरफ्तारी मामले को लेकर निशाना साधते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
➤ कबीर जयंती कार्यक्रम में पहुंचे भूपेंद्र सिंह हुड्डा, संत कबीर के विचारों को किया याद
➤ आईएएस गिरफ्तारी मामले की हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने की मांग
➤ बिजली, पानी और घोटालों को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
रोहतक। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कबीर जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संत कबीर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को आज भी समाज के लिए प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि संत कबीर ऐसे दौर में पैदा हुए थे, जब समाज अनेक कुरीतियों और सामाजिक बुराइयों से जूझ रहा था। उन्होंने अपने विचारों के माध्यम से समाज को एकजुट करने और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विभिन्न राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। महात्मा गांधी को लेकर दिए जा रहे विवादित बयानों पर उन्होंने कहा कि ऐसे बयान देशहित में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी विश्व के सबसे बड़े नेताओं में शामिल रहे हैं और विदेशों में भी उनका सम्मान किया जाता है। दुनिया के कई देशों में उनकी प्रतिमाएं स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि देश आज लोकतंत्र और शांति की जिस राह पर आगे बढ़ रहा है, उसमें गांधी जी के आदर्शों का महत्वपूर्ण योगदान है।
हरियाणा में आईएएस अधिकारियों की गिरफ्तारी के मामले पर हुड्डा ने कहा कि सरकार द्वारा गठित एसआईटी निष्पक्ष जांच करे और दोषियों को सख्त सजा मिले। उन्होंने यह भी कहा कि निर्दोष अधिकारियों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले को बड़ा घोटाला बताते हुए इसकी जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराने की मांग की।
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए हुड्डा ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में लगातार विभिन्न घोटालों के मामले सामने आए हैं। उन्होंने धान घोटाला, किलोमीटर स्कीम घोटाला और पंचकूला जमीन घोटाला का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार को "घोटालों की सरकार" बताया।
बिजली व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2005 से 2014 के दौरान चार थर्मल पावर प्लांट और एक न्यूक्लियर पावर प्लांट स्थापित किया था, जिससे हरियाणा बिजली सरप्लस राज्य बना। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार अपने कार्यकाल में एक भी नया पावर प्लांट स्थापित नहीं कर सकी। उन्होंने भाजपा सरकार को "नॉन परफॉर्मेंस सरकार" बताते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर लोग परेशान हैं।
राम मंदिर चंदा मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए। वहीं यूसीसी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग विकास की बजाय समाज में आपसी टकराव पैदा करने की राजनीति कर रहे हैं।
Akhil Mahajan