जमानत मिलते ही फिर लौट आया बुलेट फायर बॉय

जमानत मिलने के बाद ‘बुलेट फायर बॉय’ ने नई वीडियो जारी कर फिर विवाद खड़ा कर दिया। युवक ने पुलिस और मीडिया पर तंज कसते हुए खुद को मिली फ्री पब्लिसिटी का जिक्र किया।

जमानत मिलते ही फिर लौट आया बुलेट फायर बॉय

जमानत मिलते ही फिर सोशल मीडिया पर एक्टिव हुआ बुलेट फायर बॉय

पुलिस द्वारा ढके गए काले कपड़े से ही बनाई नई वीडियो

वीडियो में मीडिया को धन्यवाद देकर फिर किया विवादित दावा


सोशल मीडिया पर चर्चित हुए ‘बुलेट फायर बॉय’ ने जमानत मिलने के बाद एक बार फिर नया वीडियो जारी कर विवाद खड़ा कर दिया है। युवक ने इस बार पुलिस कार्रवाई और मीडिया कवरेज को लेकर खुलेआम तंज कसा। खास बात यह रही कि पुलिस जब उसे गिरफ्तार कर पेश करने पहुंची थी, तब जिस काले कपड़े से उसका चेहरा ढका गया था, उसी काले कपड़े का इस्तेमाल युवक ने अपनी नई वीडियो में किया।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में युवक पुलिस और मीडिया पर कटाक्ष करता दिखाई दे रहा है। उसने कहा कि उसे मिली चर्चा उसके लिए “फ्री प्रमोशन” साबित हुई है। युवक ने मीडिया को धन्यवाद देते हुए कहा कि उसकी पहचान अब और ज्यादा बढ़ गई है।

वीडियो में युवक ने विवादित अंदाज में कहा कि “रास्ते बदल जाएंगे लेकिन बुलेट की पहचान वही रहेगी और मैं बुलेट ऐसे ही बेचता रहूंगा।” युवक के इस बयान के बाद एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले युवक पर सोशल मीडिया पर स्टंट और बुलेट मोटरसाइकिल को लेकर विवादित कंटेंट पोस्ट करने के आरोप लगे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी का चेहरा काले कपड़े से ढककर कोर्ट में पेश किया था।

अब जमानत मिलने के तुरंत बाद उसी अंदाज में वीडियो बनाना पुलिस कार्रवाई को चुनौती देने जैसा माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग युवक की आलोचना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे केवल पब्लिसिटी स्टंट बता रहे हैं।

इस पूरे मामले ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल कंटेंट, कानून और युवाओं के बढ़ते दिखावे की मानसिकता पर बहस छेड़ दी है। पुलिस की ओर से फिलहाल इस नई वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।