गोहाना रैली में CM सैनी के बड़े ऐलान, खानपुर बनेगा तहसील

सोनीपत के गोहाना में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए खानपुर को तहसील और बरोदा व फरमाना को उप-तहसील बनाने समेत कई विकास परियोजनाओं की घोषणा की।

गोहाना रैली में CM सैनी के बड़े ऐलान, खानपुर बनेगा तहसील

सीएम सैनी ने विपक्ष पर साधा निशाना, वैश्विक संकट में राजनीति का आरोप
खानपुर को तहसील, बरोदा और फरमाना को उप-तहसील बनाने की घोषणा
गोहाना में स्टेडियम, विरासत पार्क, नई बिजली कंपनी समेत कई बड़े ऐलान


हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत जिले के गोहाना में आयोजित विकास एवं धन्यवाद रैली में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस के वैश्विक संकट जैसे गंभीर मुद्दों में भी विपक्ष राजनीति तलाश रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है और पेट्रोलियम पदार्थों का संकट खड़ा हो रहा है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर आम जनता को राहत देने का काम किया है, जो दूरदर्शी सोच का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में विकास कार्य लगातार जारी हैं और सरकार पारदर्शिता व सेवा भाव से काम कर रही है।रैली में आने वाले लोगों का स्वागत ढोल बजाकर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने मंच से गोहाना की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता ने विश्वास और विकास की राजनीति को चुना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को ट्यूबवेल बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से देने के लिए हरियाणा एग्री डिस्कॉम के नाम से तीसरी बिजली कंपनी बनाई जाएगी, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के 4032 पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।रैली में पहुंची महिलाएं।

रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि गोहाना में खेल स्टेडियम बनाया जाएगा और ड्रेन-8 को कवर करके भगवान परशुराम विरासत पार्क और जॉगिंग ट्रैक बनाया जाएगा। गोहाना में मल्टी स्टोरी पार्किंग और वाणिज्यिक परिसर का निर्माण भी किया जाएगा। जनगणना और एसआईआर के बाद गोहाना की म्युनिसिपल लिमिट बढ़ाई जाएगी। महम रोड स्थित पावर हाउस को 33 केवी स्टेशन में अपग्रेड किया जाएगा और खानपुर में भी 33 केवी स्टेशन बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि परिसीमन और एसआईआर का काम पूरा होते ही खानपुर को तहसील तथा बरोदा और फरमाना को उप-तहसील बनाया जाएगा। गढ़ी उजाले खां और गढ़ी नामदा खां गांव का नाम बदलकर क्रमशः कृष्ण नगर और सुदामा नगर रखने का प्रस्ताव मिलने पर मंजूरी दी जाएगी। बड़ोता बाईपास पर जमीन मिलने पर टूरिज्म रिजॉर्ट बनाया जाएगा और गोहाना में ट्रांसपोर्ट नगर भी विकसित किया जाएगा।मंच और मौजद भाजपा पदाधिकारी।

इसके अलावा गोहाना में नया सिंचाई भवन, शक्ति भवन और रेस्ट हाउस का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। ड्रेन नंबर-4 और गोहाना माइनर को पक्का किया जाएगा तथा मछंदर नाथ तक फ्लाईओवर का निर्माण करवाया जाएगा। बीपीएस मेडिकल महिला कॉलेज में फिजियोथेरेपी कॉलेज शुरू करने की घोषणा भी की गई। रैली में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।