धर्मेंद्र को ब्रीच कैंडी अस्पताल से मिली छुट्टी, हालत में सुधार!
धर्मेंद्र को ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। डॉक्टर बोले- अब घर पर होगा इलाज। हेमा मालिनी और ईशा देओल ने फेक खबरों पर जताई नाराजगी।
-
धर्मेंद्र अस्पताल से डिस्चार्ज, अब घर पर होगा इलाज
-
परिवार ने लिया फैसला, डॉक्टर बोले- हालत स्थिर है
-
फेक न्यूज़ पर हेमा मालिनी और ईशा देओल की नाराजगी
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को बुधवार सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया कि अब उनका इलाज घर पर ही किया जाएगा, यह फैसला परिवार की सहमति से लिया गया है। धर्मेंद्र को सुबह 7:30 बजे अस्पताल से छुट्टी दी गई।
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र पिछले कुछ हफ्तों से कभी अस्पताल में भर्ती हो रहे थे, तो कभी घर लौट रहे थे। उनकी तबीयत 10 नवंबर को बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। अब उनकी स्थिति स्थिर है और परिवार ने उन्हें घर पर ही निगरानी में रखने का फैसला किया है।
धर्मेंद्र के डिस्चार्ज होने के बाद जुहू स्थित घर की गली को पुलिस ने बंद कर दिया, ताकि भीड़ जमा न हो। वहीं परिवार के सदस्य लगातार उनके पास मौजूद हैं।
सनी देओल की टीम ने मंगलवार को बताया था कि धर्मेंद्र की सेहत में सुधार हो रहा है और सभी से उनकी लंबी उम्र के लिए दुआ करने की अपील की थी।
इस बीच 11 नवंबर की सुबह धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गईं। इन अफवाहों पर ईशा देओल और हेमा मालिनी ने नाराजगी जताई। ईशा ने पोस्ट कर कहा कि, “पापा की हालत स्थिर है और वे रिकवर कर रहे हैं। मीडिया से निवेदन है कि प्राइवेसी का सम्मान करें।”
वहीं हेमा मालिनी ने लिखा, “जिम्मेदार चैनल किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं जो इलाज का जवाब दे रहा है और ठीक हो रहा है? यह बेहद असम्मानजनक है।”
इन फेक खबरों के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जावेद अख्तर ने भी सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया था, जिसे बाद में हटा लिया गया।
मंगलवार रात सनी देओल, बॉबी देओल, ईशा देओल और हेमा मालिनी सहित पूरा परिवार अस्पताल में मौजूद रहा। सलमान खान, आमिर खान, शाहरुख खान, गोविंदा और अमीषा पटेल जैसे कई सेलेब्स भी धर्मेंद्र का हालचाल जानने पहुंचे।
धर्मेंद्र को इससे पहले 31 अक्टूबर को भी सांस लेने में तकलीफ के चलते भर्ती कराया गया था। इसके अलावा इस साल उनकी कॉर्निया ट्रांसप्लांट सर्जरी भी हुई थी।
अब डॉक्टरों का कहना है कि वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं और जल्द पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे।
Author1