फरीदाबाद में युवतियों से भरी कंपनी बस पर 8-10 युवकों ने हमला किया
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में युवतियों से भरी कंपनी बस पर 8-10 युवकों ने हमला कर ड्राइवर से मारपीट और तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो वायरल, पुलिस शिकायत का इंतजार कर रही है।
फरीदाबाद में युवतियों से भरी कंपनी बस पर 8-10 युवकों ने हमला किया
बस में घुसकर ड्राइवर से मारपीट, शीशे तोड़े और युवतियों से बदसलूकी की
पुलिस ने शिकायत मिलने पर कार्रवाई का भरोसा दिया, घटना का वीडियो वायरल
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार शाम युवतियों से भरी कंपनी बस पर 8 से 10 युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि पहले युवकों ने बस पर पथराव किया, फिर जबरन बस का गेट खुलवाकर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने ड्राइवर से मारपीट की, बस के शीशे डंडों से तोड़ दिए और बस में मौजूद युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना में 2 से 3 युवतियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के गुर्जर चौक के पास की बताई जा रही है। कंपनी की बस कर्मचारियों को लेकर उनके वर्क स्टेशन जा रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने बस को रोक लिया और हमला कर दिया।
वीडियो में दिखा बस के अंदर का हंगामा
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक हाथ में डंडा लेकर बस के अंदर घुसता दिखाई देता है। वह ड्राइवर के साथ गाली-गलौज करता है और धमकी देता नजर आता है। बस में बैठी युवतियां घबराकर लगातार युवक से बाहर जाने की अपील करती सुनाई देती हैं। बस के बाहर भी कई युवक हाथों में डंडे लिए खड़े दिखाई देते हैं।
ड्राइवर ने लगाए गंभीर आरोप
बस चालक मोहम्मद ताज ने बताया कि आरोपियों ने इससे पहले भी करीब एक महीने पहले बस में चढ़कर मारपीट की थी। उनका आरोप है कि कुछ युवक लंबे समय से बस में आने-जाने वाली युवतियों को परेशान करते थे। पहले भी मामला पुलिस तक पहुंचा था, लेकिन समझौते के बाद शांत हो गया था।
चालक के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 6 बजे गणेश, विक्की और उनके 6-7 साथियों ने फिर बस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने डंडों से बस के शीशे तोड़ दिए और बस में दहशत फैला दी।
पुलिस ने शिकायत का इंतजार बताया
सेक्टर-58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। हालांकि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
pooja