₹34 लाख पैकेज वाला IT इंजीनियर हरियाणा में नकली नोट छापते गिरफ्तार: होटल के कमरे से प्रिंटर, लैपटॉप और फर्जी करेंसी बरामद

₹34 लाख सालाना पैकेज पाने वाले एक आईटी इंजीनियर को नकली नोट छापने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। होटल के कमरे से लैपटॉप, प्रिंटर और फर्जी नोट बरामद हुए।

₹34 लाख पैकेज वाला IT इंजीनियर हरियाणा में नकली नोट छापते गिरफ्तार: होटल के कमरे से प्रिंटर, लैपटॉप और फर्जी करेंसी बरामद

फरीदाबाद के होटल से नकली नोट छापने का खुलासा, IT इंजीनियर गिरफ्तार

कमरे से लैपटॉप, प्रिंटर और ₹500 व ₹100 के नकली नोट बरामद

नोएडा की कंपनी में ₹34 लाख सालाना पैकेज पर करता था नौकरी


हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने एक आईटी इंजीनियर को कथित तौर पर नकली नोट छापने के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी दो दिन से शहर के एक होटल में ठहरा हुआ था। कमरे पर ताला लगा होने और उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

होटल के कमरे से बरामद किया गया 500 का नकली नोट।

पुलिस के अनुसार, सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित होटल सरोवर पोर्टिको में 26 जून को आरोपी ने कमरा बुक कराया था। इसके बाद वह कमरे की चाबी अपने साथ लेकर चला गया और दो दिन तक वापस नहीं लौटा। कमरे में किसी तरह की आवाजाही न होने पर होटल प्रबंधन को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस ने होटल प्रबंधन की मौजूदगी में कमरा नंबर 404-B खुलवाया। तलाशी के दौरान कमरे से एक लैपटॉप, प्रिंटर, नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला विशेष कागज, ₹500 का एक नकली नोट और ₹100 के 10 नकली नोट बरामद हुए। बरामद सामग्री देखकर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया।

आरोपी विनायक झा ने फरीदाबाद के इसी होटल सरोवर पोर्टिको में 26 जून को कमरा बुक कराया था, लेकिन इसके बाद चाबी लेकर फरार हो गया।

होटल में जमा कराई गई पहचान पत्र की जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी के घर पहुंची। आरोपी की पहचान विनायक झा के रूप में हुई, जो फरीदाबाद सेक्टर-17 का रहने वाला है। पुलिस ने उसे घर से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान वह होटल के कमरे से मिले सामान के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, विनायक झा नोएडा की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है और उसका सालाना पैकेज ₹34 लाख है। वह बेंगलुरु के एक संस्थान से पढ़ाई कर चुका है। उसके पिता सरकारी विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उसकी मां भी सरकारी सेवा में उच्च पद पर हैं।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से नकली नोट तैयार कर रहा था, उनका इस्तेमाल कहां किया जाना था और इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।