कुट्टू का आटा बना जहर, 25 लोग बीमार

फरीदाबाद में नवरात्र के दौरान कुट्टू का आटा खाने से 25 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

कुट्टू का आटा बना जहर, 25 लोग बीमार


नवरात्र के पहले दिन 10 घरों में बने पकौड़े, एक ही दुकान से खरीदा आटा
उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत, सभी को अस्पताल में कराया भर्ती



हरियाणा के फरीदाबाद में नवरात्र के पहले ही दिन बड़ा फूड पॉयजनिंग का मामला सामने आया है। डबुआ कॉलोनी सेक्टर-50 में करीब 8 से 10 परिवारों के 25 से ज्यादा लोग कुट्टू का आटा खाने के बाद अचानक बीमार पड़ गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सभी पीड़ितों को आनन-फानन में अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, कॉलोनी के कई लोगों ने नवरात्र के अवसर पर व्रत खोलने के लिए पास की एक दुकान से कुट्टू का आटा खरीदा था। यह आटा एक ही दुकानदार हरीश से लिया गया था। रात के समय सभी परिवारों ने उसी आटे से पकौड़े बनाकर प्रसाद के रूप में खाए और इसके बाद सोने चले गए।

लेकिन देर रात अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। एक-एक कर सभी में तेज पेट दर्द, उल्टी-दस्त, बुखार, सिर दर्द और बदन दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। हालत इतनी बिगड़ गई कि परिजनों को तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टरों के अनुसार सभी का इलाज जारी है और स्थिति नियंत्रण में है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि एक ही दुकान से आटा खरीदने के कारण यह सामूहिक फूड पॉयजनिंग का मामला सामने आया है।

सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी हरकत में आ गई है। संदिग्ध कुट्टू के आटे के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसमें किसी प्रकार की मिलावट या खराबी थी या नहीं। साथ ही संबंधित दुकान की भी जांच की जा रही है।

नवरात्र जैसे पवित्र पर्व के दौरान इस तरह की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें और किसी भी तरह की खराबी महसूस होने पर तुरंत सूचना दें।