राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, हिमाचल कांग्रेस मुख्यालय से शिमला राम मंदिर तक निकाली यात्रा
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के कथित मामले को लेकर हिमाचल कांग्रेस ने शिमला में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर शिमला में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
राजीव भवन से राम मंदिर तक निकाली यात्रा, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई, SIT की कार्यप्रणाली पर भी सवाल
अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर देशभर में सियासत तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को हिमाचल कांग्रेस ने शिमला में भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने राजीव भवन स्थित पार्टी मुख्यालय से राम मंदिर, शिमला तक विरोध यात्रा निकालकर अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर भगवान राम के नाम पर राजनीति करने और चढ़ावे से जुड़े मामले में पारदर्शिता नहीं बरतने के आरोप लगाए। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस यात्रा में शामिल हुए।
AICC प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी देश की करोड़ों जनता की धार्मिक भावनाओं पर आघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भगवान राम के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन अब उसी आस्था को ठेस पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
राठौर ने कहा कि इस मामले में केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों तक जांच नहीं पहुंच रही। उन्होंने मामले की जांच के लिए गठित SIT की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। हालांकि उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से निष्पक्ष न्याय और जांच की उम्मीद है।
शिमला शहरी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भाजपा पिछले तीन दशकों से भगवान राम के नाम पर राजनीति करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान राम किसी एक दल की संपत्ति नहीं हैं और कांग्रेस भी उन्हें समान श्रद्धा से पूजती है।
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि वे भगवान राम से प्रार्थना करते हैं कि दोषियों को सद्बुद्धि मिले।
वहीं शिमला ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरि कृष्ण हिमरल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में यह यात्रा निकाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने भगवान राम के नाम पर राजनीति कर सत्ता हासिल की, लेकिन अब करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामले में जवाबदेही से बचने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका उद्देश्य इस मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराना और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करना है।
pooja