सौतेले पिता ने 2 साल के मासूम की पीट -पीटकर की हत्या , अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
फरीदाबाद के सेक्टर 58 में सौतेले पिता ने 2 साल के मासूम की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया।
फरीदाबाद सेक्टर 58 में सौतेले पिता ने 2 साल के मासूम की हत्या की
बेरहमी से पिटाई के बाद अस्पताल में बच्चे की मौत
आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज
हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सेक्टर 58 थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सौतेले पिता ने अपने ही दो साल के मासूम बेटे की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पत्नी की यह दूसरी शादी थी। महिला की पहली शादी से तीन बच्चे हैं, जबकि मृतक बच्चा उसकी पहली शादी से पैदा हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी का मासूम बच्चे के प्रति शुरू से ही व्यवहार ठीक नहीं था और वह अक्सर छोटी-छोटी बातों पर बच्चे के साथ मारपीट करता था।
घटना वाले दिन भी आरोपी ने बच्चे को बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की रिपोर्ट में बच्चे के शरीर पर चोटों के कई निशान पाए गए, जिससे साफ हो गया कि उसके साथ बेहद निर्मम तरीके से मारपीट की गई थी।
सूचना मिलते ही सेक्टर 58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Akhil Mahajan