हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के एनफोर्समेंट ऑफिसर सस्‍पेंड, .. जंतर-मंतर कनेक्शन की चर्चा ! सोनाली फोगाट से भी पिट चुके

फतेहाबाद के डीएमईओ सुल्तान सिंह को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने सस्पेंड कर दिया है। आदेश में कारण नहीं बताया गया है, जबकि विभाग में जंतर-मंतर प्रदर्शन समर्थन की शिकायत को लेकर चर्चा है। सुल्तान सिंह ने आरोपों को गलत बताते हुए हाईकोर्ट जाने की बात कही है।

हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के एनफोर्समेंट ऑफिसर सस्‍पेंड, .. जंतर-मंतर कनेक्शन की चर्चा ! सोनाली फोगाट से भी पिट चुके

हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने डीएमईओ सुल्तान सिंह को तत्काल प्रभाव से किया सस्पेंड

विभाग में जंतर-मंतर प्रदर्शन के समर्थन की शिकायत को कार्रवाई की वजह बताया जा रहा है

सुल्तान सिंह ने आरोपों को बताया बेबुनियाद, हाईकोर्ट जाने की कही बात


फतेहाबाद में तैनात हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के डिस्ट्रिक्ट मार्केटिंग एनफोर्समेंट ऑफिसर (DMEO) सुल्तान सिंह को प्रदेश सरकार ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इस संबंध में बोर्ड के मुख्य प्रशासक धर्मेंद्र सिंह की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। सस्पेंशन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पंचकूला स्थित हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक कार्यालय में निर्धारित किया गया है। उन्हें सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।

हालांकि जारी किए गए सस्पेंशन आदेश में कार्रवाई का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार चर्चा है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन किए जाने की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची थी। इसी शिकायत के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई। हालांकि इस संबंध में सरकार या बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सुल्तान सिंह बोले- 15 साल में कभी दिल्ली नहीं गया

सुल्तान सिंह ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि उनके खिलाफ झूठी शिकायत की गई है। उनका कहना है कि वह पिछले 15 वर्षों में कभी दिल्ली नहीं गए और न ही किसी प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सस्पेंशन आदेश में किसी भी प्रकार का कारण दर्ज नहीं किया गया है। पूरे मामले की जानकारी लेने के लिए वह मुख्यालय जाएंगे और इसके बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सस्पेंशन को चुनौती देंगे।

सोनाली फोगाट प्रकरण से भी रहे थे चर्चा में

सुल्तान सिंह इससे पहले वर्ष 2020 में उस समय सुर्खियों में आए थे, जब भाजपा की पूर्व नेत्री और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट ने हिसार के बालसमंद मंडी में निरीक्षण के दौरान उनके साथ मारपीट की थी। उस समय सुल्तान सिंह मार्केट कमेटी के सचिव के पद पर कार्यरत थे।

सोनाली फोगाट ने उन पर अभद्र भाषा और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए पहले थप्पड़ और बाद में सैंडल से पिटाई की थी। वहीं सुल्तान सिंह ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा था कि यह कार्रवाई राजनीतिक रंजिश का परिणाम थी। उस मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। बाद में सोनाली फोगाट का निधन हो गया।

राजनीतिक संबंधों को लेकर भी लगते रहे आरोप

विभागीय और राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा रही है कि सुल्तान सिंह को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला का करीबी माना जाता है। इससे पहले जींद उपचुनाव के दौरान भी उन पर सुरजेवाला के समर्थन में वोट मांगने के आरोप लगे थे। उस समय जननायक जनता पार्टी (JJP) ने चुनाव आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

कारण स्पष्ट नहीं, चर्चा तेज

फिलहाल सस्पेंशन के आदेश में किसी कारण का उल्लेख नहीं होने से पूरे मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। विभाग की ओर से आधिकारिक कारण सामने आने का इंतजार किया जा रहा है, जबकि सुल्तान सिंह ने अपने खिलाफ लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कही है।