शराब घोटाले में बड़ा एक्शन, मालखाना इंचार्ज भी सस्पेंड
फतेहाबाद सदर थाना शराब कांड में मालखाना इंचार्ज सस्पेंड। 211 शराब पेटियां गायब होने के मामले में SIT जांच तेज, कई और खुलासों की संभावना।
फतेहाबाद सदर थाने में शराब की 211 पेटियां गायब होने के मामले में मालखाना इंचार्ज भी सस्पेंड
• मामले की जांच कर रही SIT जल्द एसपी निकिता खट्टर को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी
• जांच में सामने आया कि मालखाने की चाबी तत्कालीन SHO के पास रहती थी
फतेहाबाद के सदर थाना में शराब की 211 पेटियां कागजों में नष्ट दिखाने के मामले में कार्रवाई का दायरा बढ़ता जा रहा है। एसपी निकिता खट्टर ने मालखाना इंचार्ज हेड कांस्टेबल कमल कुमार को भी सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच SIT द्वारा लगातार की जा रही है और जल्द ही इसकी रिपोर्ट एसपी को सौंपी जाएगी।
जांच के दौरान यह संभावना भी जताई जा रही है कि इस मामले में पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों की संलिप्तता सामने आ सकती है। अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि मालखाने की चाबी तत्कालीन SHO प्रहलाद सिंह के पास रहती थी। आरोप है कि वह अपनी गाड़ी में भी शराब की पेटियां रखवाकर ले गए थे।
जानकारी के अनुसार सदर थाना के मालखाने में रखी शराब की पेटियों को रिकॉर्ड में नष्ट दिखा दिया गया था। हालांकि 211 पेटियों को एक कंटेनर में छिपाकर रखा गया। बाद में इन पेटियों को धीरे-धीरे कंटेनर और मालखाने से बाहर निकाल लिया गया।
मामला सामने आने के बाद तत्कालीन SHO प्रहलाद सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई और उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। इसके साथ ही एसपी ने पूरे सदर थाना स्टाफ को बदलने का फैसला लिया था।
इस मामले की शुरुआती जांच एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने की थी। उन्होंने SHO, मालखाना इंचार्ज, थाना मुंशी, SHO के ड्राइवर, ईटीओ और अन्य पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान अधिकांश कर्मचारियों के बयानों में विरोधाभास पाया गया।
एएसपी की रिपोर्ट के आधार पर एसपी निकिता खट्टर ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पूरे थाना स्टाफ को बदल दिया था। इसके बाद मामले की गहन जांच के लिए SIT का गठन किया गया।
अब SIT की जांच में और भी बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की पेटियां किन लोगों तक पहुंचाई गईं और उन्हें कहां-कहां सप्लाई किया गया। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खपत कितने समय में हुई।
pooja