फतेहाबाद के BDPO भजनलाल शर्मा का सिरसा के बड़ागुढ़ा ब्लॉक में तबादला
फतेहाबाद के BDPO भजनलाल शर्मा का सिरसा के बड़ागुढ़ा ब्लॉक में तबादला कर दिया गया। पंचायत समिति चेयरपर्सन पूजा चराईपौत्रा से विवाद और जांच रिपोर्ट के बाद आचार संहिता के बीच ट्रांसफर आदेश जारी हुए|
■ फतेहाबाद के BDPO भजनलाल शर्मा का सिरसा के बड़ागुढ़ा ब्लॉक में तबादला
■ पंचायत समिति चेयरपर्सन पूजा चराईपौत्रा से विवाद के बाद ट्रांसफर आदेश जारी
■ आचार संहिता के बीच स्टेट इलेक्शन कमीशन से अनुमति लेकर हुआ तबादला
फतेहाबाद में बीडीपीओ भजनलाल शर्मा का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब सिरसा जिले के बड़ागुढ़ा ब्लॉक में भेजा गया है। वहीं वहां से सुशील मंगला को फतेहाबाद का नया बीडीपीओ नियुक्त किया गया है।
यह तबादला पंचायत समिति चेयरपर्सन पूजा चराईपौत्रा के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद हुआ है। खास बात यह है कि पंचायत चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बावजूद स्टेट इलेक्शन कमीशन से अनुमति लेकर ट्रांसफर किया गया।
बीजेपी जिलाध्यक्ष की भूमिका की चर्चा
सियासी गलियारों में इस ट्रांसफर को लेकर काफी चर्चा है। माना जा रहा है कि बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने इस तबादले में अहम भूमिका निभाई है।
एक दिन पहले सरपंच एसोसिएशन पूर्व विधायक दुड़ाराम से भी मिली थी, लेकिन वहां से कोई सीधा आश्वासन नहीं मिला था। इसी बीच प्रवीण जोड़ा द्वारा ट्रांसफर करवाना संगठन की मजबूत पकड़ के रूप में देखा जा रहा है।
क्या था पूरा विवाद
पिछले दिनों पंचायत समिति सदस्य अमनदीप ने सीएम विंडो पर शिकायत देकर चेयरपर्सन पूजा चराईपौत्रा पर धार्मिक स्थलों पर लोहे के शेड बनवाने में नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया था।
शिकायत में कहा गया कि 6 गांवों में करीब 30 लाख रुपए खर्च कर शेड लगाए गए। बीडीपीओ भजनलाल ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट में चेयरपर्सन पर कार्रवाई की अनुशंसा कर दी।
यही बात विवाद की बड़ी वजह बनी और चेयरपर्सन व उनके समर्थकों ने बीडीपीओ के खिलाफ धरने का ऐलान कर दिया।
चेयरपर्सन ने लगाए थे गंभीर आरोप
चेयरपर्सन पूजा चराईपौत्रा ने आरोप लगाया था कि बीडीपीओ अपनी मनमानी कर रहे हैं और पंचायत समिति में काम नहीं होने दे रहे।
उन्होंने कहा कि महिला चेयरपर्सन के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। कई बार बीडीपीओ उनकी कुर्सी पर बैठे मिलते हैं। बिना अनुमति उनके कमरे में सीसीटीवी भी लगवा दिए गए।
पूजा ने यह भी कहा कि पहले भट्टू में भी जनप्रतिनिधियों ने बीडीपीओ के खिलाफ धरना दिया था। लोहे के शेड लगाने का फैसला समिति की बैठक में पास हुआ था और यह जनता की मांग के अनुसार किया गया।
BDPO बोले- मैंने कोई गलत काम नहीं किया
इस पूरे मामले पर बीडीपीओ भजनलाल शर्मा ने कहा कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है। सीएम विंडो पर शिकायत पंचायत समिति सदस्य ने दी थी और उन्होंने सिर्फ जांच रिपोर्ट भेजी थी।
चेयरपर्सन की कुर्सी पर बैठने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका अलग ऑफिस है और वे वहीं बैठते हैं। केवल बड़ी बैठकों के दौरान स्टाफ के साथ चेयरपर्सन के कमरे में बैठते हैं, क्योंकि वह कमरा सबसे बड़ा है और वहां 50-60 लोग आसानी से बैठ सकते हैं।
shubham