ट्रेन की चपेट में आने से रेलकर्मी की पत्नी की मौ*त
फतेहाबाद के जाखल-टोहाना रेलमार्ग पर रेलवे कर्मचारी की पत्नी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पति ने मानसिक स्थिति ठीक न होने की बात कही, जबकि परिजनों ने प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
फतेहाबाद में ट्रेन की चपेट में आने से रेलकर्मी की पत्नी की मौत
पति ने मानसिक स्थिति ठीक न होने की बात कही, परिजनों ने प्रताड़ना के आरोप लगाए
GRP पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की
फतेहाबाद के जाखल-टोहाना रेलमार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में रेलवे कर्मचारी की पत्नी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना गांव हिम्मतपुरा रेलवे स्टेशन के पास हुई। सूचना मिलने के बाद GRP पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टोहाना सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
मृतका की पहचान 27 वर्षीय अनीता के रूप में हुई है। वह अपने पति और बच्चों के साथ रेलवे स्टेशन के पास बने क्वार्टर में रहती थी। घटना रविवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
मृतका के पति अनूप, जो रेलवे में कार्यरत हैं, ने बताया कि उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उनके अनुसार इसी कारण यह हादसा हुआ। पति ने इसे एक दुखद दुर्घटना बताया है।
हालांकि, महिला के परिजनों ने इस मामले में पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के ताऊ सुविधाराम ने बताया कि अनीता की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। उन्होंने दावा किया कि अनीता ने पहले भी मैसेज के जरिए परिवार को परेशान किए जाने की जानकारी दी थी।
परिजनों का आरोप है कि पति अनूप छोटी-छोटी बातों को लेकर अनीता को परेशान करता था। उनका कहना है कि लगातार प्रताड़ना के चलते ही यह घटना हुई है। परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अनीता दो बच्चों की मां थी। उसकी बड़ी बेटी की उम्र करीब चार साल है, जबकि छोटा बेटा दो साल का बताया गया है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की जांच कर रही GRP अधिकारी कविता ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
pooja