सदर बाजार की तीन मंजिला दुकान में लगी भीषण आग, लेकिन फायर ब्रिगेड की सीढ़ी ही नहीं खुली
गुरुग्राम के सदर बाजार की प्लास्टिक गली में भीषण आग लगी। फायर ब्रिगेड की लापरवाही से आग बुझाने में 20-25 मिनट की देरी हुई। दुकानदारों ने प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
➤ गुरुग्राम सदर बाजार की प्लास्टिक गली में भीषण आग, फायर ब्रिगेड में लापरवाही का आरोप
➤ फायर ब्रिगेड गाड़ी की पाइप फटी, सीढ़ी जाम, आग बुझाने में 20-25 मिनट की देरी
➤ दुकानदारों ने प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
गुरुग्राम के सदर बाजार की प्लास्टिक वाली गली में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली में लापरवाही के चलते आग पर काबू पाने में देरी हुई। भीमनगर फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां रवाना की गईं, लेकिन दोनों गाड़ियों की सीढ़ी समय पर नहीं खुल सकी और एक गाड़ी का पाइप फटा हुआ मिला। इस कारण करीब 20 से 25 मिनट तक पानी नहीं निकल सका, जिससे आग पर काबू पाने में काफी समय लगा।
इस घटना के चलते दुकानदारों में रोष उत्पन्न हो गया। उन्होंने फायर ब्रिगेड विभाग की कार्यप्रणाली पर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस की मौजूदगी में व्यापारियों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। बाद में अतिरिक्त गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और कड़ी मशक्कत के बाद करीब रात 11 बजे तक आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
आग से प्रभावित दुकान सेठ दुर्गा प्रसाद सक्सेना प्लेस में स्थित ओमप्रकाश एंड संस और विजय एंड संस की तीन मंजिला दुकान की तीसरी मंजिल पर लगी। दुकान में प्लास्टिक, डिस्पोजल व घरेलू सामान रखा हुआ था। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है।
दुकानदारों ने फायर ब्रिगेड विभाग को चेतावनी दी है कि अगर समय पर सेवा सुनिश्चित नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। साथ ही उन्होंने मांग की कि फायर ब्रिगेड गाड़ियों को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।