BREAKING: हरियाणा के पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह मदान का निधन, नोएडा में हार्ट अटैक से देहांत
हरियाणा के पूर्व मंत्री और दो बार कैथल से विधायक रहे सुरेंद्र सिंह मदान का नोएडा में हार्ट अटैक से निधन हो गया। आज कैथल में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
➤ परिवार संग शादी में गए थे, अचानक बिगड़ी तबीयत
➤ दो बार कैथल से विधायक रहे सुरेंद्र मदान
➤ आज कैथल में होगा अंतिम संस्कार
हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह मदान का निधन हो गया। 74 वर्षीय मदान मंगलवार रात नोएडा में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अचानक उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई।
परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके बेटे मानव मदान ने बताया कि पिता को हार्ट अटैक आया था।
दो बार रहे कैथल से विधायक
सुरेंद्र सिंह मदान कैथल के निवासी थे और वे दो बार कैथल विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। प्रदेश की राजनीति में उनकी पहचान एक सक्रिय और जमीनी नेता के रूप में रही। कांग्रेस संगठन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी वे सक्रिय रूप से राजनीतिक गतिविधियों में शामिल रहे थे।
आज होगा अंतिम संस्कार
परिवार के अनुसार उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर कैथल में प्रताप गेट स्थित कल्याण भूमि में किया जाएगा। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
Akhil Mahajan