चुलकाना धाम की बेटी गौरी बंसल ने UPSC में 112वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया पानीपत का मान
पानीपत के चुलकाना धाम की गौरी बंसल ने UPSC में 112वीं रैंक हासिल कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया, गांव पहुंचकर मंदिरों में आशीर्वाद लिया।
■ गौरी बंसल ने UPSC में 112वीं रैंक हासिल की
■ चुलकाना धाम पहुंचकर मंदिरों में किया माथा टेक
■ सर्विस ज्वाइन के बाद बार-बार गांव आने का किया वादा
पानीपत जिले के चुलकाना धाम की बेटी गौरी बंसल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में 112वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और हरियाणा का नाम देशभर में रोशन कर दिया है। गौरी की इस उपलब्धि से चुलकाना गांव में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। गौरी बंसल, चुलकाना निवासी जय नारायण बंसल की पौत्री हैं और उनकी सफलता ने गांव की बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा स्थापित की है।
अपनी सफलता के बाद गौरी बंसल अपने पैतृक गांव चुलकाना धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने सबसे पहले श्री श्याम बाबा मंदिर और श्री लकीसर बाबा मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गांव और अपनी जड़ों से उनका गहरा जुड़ाव है और सर्विस ज्वाइन करने के बाद भी वह बार-बार अपने गांव आती रहेंगी।
गौरी की इस उपलब्धि पर गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर ब्रिगेडियर मुकेश बंसल, पूर्व सरपंच मदन शर्मा, प्रवीण चुलकाना, सुरेश शर्मा, सुनीता बंसल, साहिल बंसल, जयनारायण धीमान, ज्योति बंसल, राहुल सिंघल, रकम सिंह, ईशा सिंघल, पुजारी रघुवीर शर्मा, विपिन सिंगल, तनिष सिंगल, वान्या सिंगल, अंगूरी देवी, राजीव गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गौरी बंसल की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। गांव की बेटियों के लिए वह एक मिसाल बनकर उभरी हैं और उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
Akhil Mahajan