हरियाणा में टोल प्लाजा पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों की फायरिंग, बाल बाल बचे कर्मचारी
घामडोज टोल प्लाजा पर काली स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने फायरिंग की। दो राउंड फायर कर आरोपी फरार हो गए। टोल कर्मी बाल-बाल बचे, पुलिस जांच में जुटी।
- घामडोज टोल प्लाजा पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों की फायरिंग
- दो राउंड फायर कर मौके से फरार हुए हमलावर
- टोल कर्मी बाल-बाल बचे, पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया
हरियाणा में घामडोज टोल प्लाजा पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब काले रंग की स्कॉर्पियो कार में सवार बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। घटना के दौरान टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए उन्हें इधर-उधर भागना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार एक व्यक्ति ने एक के बाद एक दो फायर किए। फायरिंग के तुरंत बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई टोल कर्मी घायल नहीं हुआ और सभी बाल-बाल बच गए।
बताया जा रहा है कि जिस काले रंग की स्कॉर्पियो से फायरिंग की गई, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। गाड़ी में कुल दो लोग सवार थे। फायरिंग की आवाज सुनते ही टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारी जान बचाकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी की गई। पुलिस ने टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
Akhil Mahajan