Gold Silver Price Today: सर्राफा बाजार में गिरावट जारी, चांदी ₹14,000 तक टूटी, सोना ₹1,500 सस्ता
Gold Silver Price Today: सर्राफा बाजार में गिरावट जारी है। चांदी ₹14,000 तक टूटी जबकि सोना ₹1,500 से ज्यादा सस्ता हुआ। जानिए आज के ताजा भाव।
➤ एमसीएक्स पर चांदी में भारी गिरावट, भाव ₹2.33 लाख प्रति किलो
➤ सोना शुरुआती कारोबार में फिसलकर ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम
➤ मजबूत डॉलर और वैश्विक संकेतों से दबाव में कीमती धातुएं
सर्राफा बाजार में शुक्रवार को भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। सोने और चांदी दोनों की कीमतों में तेज दबाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स पर सोना ₹1,500 से अधिक टूटकर ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी की कीमतों में करीब ₹14,000 की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे इसका भाव ₹2.33 लाख प्रति किलो तक लुढ़क गया।
बीते कुछ सत्रों से सर्राफा बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। गुरुवार को भी चांदी में तेज गिरावट देखी गई थी, जब यह ₹30,300 सस्ती होकर ₹2.68 लाख प्रति किलो पर पहुंच गई थी। वहीं, सोना भी ₹4,500 की गिरावट के साथ ₹1.60 लाख प्रति 10 ग्राम पर आ गया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों का असर
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में डॉलर के करीब दो सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंचने और अमेरिका-चीन व्यापार तनाव में नरमी के संकेतों के बीच सोने-चांदी पर दबाव बना रहा। डॉलर के मजबूत होने से अन्य मुद्राओं में कारोबार करने वाले निवेशकों के लिए सोना महंगा हो गया, जिससे मांग प्रभावित हुई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पॉट गोल्ड 2.5% गिरकर 4,838.81 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जो सत्र की शुरुआत में बने एक सप्ताह के उच्च स्तर से नीचे फिसल गया। वहीं, अप्रैल डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 1.9% टूटकर 4,855.60 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुए।
चांदी में सबसे तेज गिरावट
कीमती धातुओं में सबसे ज्यादा दबाव चांदी पर देखने को मिला। स्पॉट सिल्वर 14.9% की बड़ी गिरावट के साथ 74.94 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह ही चांदी ने 121.64 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड उच्च स्तर छुआ था, जिसके बाद अब इसमें मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के चलते तेज गिरावट दर्ज की जा रही है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल वैश्विक आर्थिक संकेतों और डॉलर की मजबूती के कारण सोने-चांदी में अस्थिरता बनी रह सकती है।
Akhil Mahajan