सोनीपत में बड़ोली ने कांग्रेस को घेरा, बोले- इनके राज में देश पिछड़ा, GST सुधार और योजनाओं से मिलेगा लाभ

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने GST सुधार और लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ बताया, विपक्ष और राहुल गांधी पर निशाना साधा, इनेलो रैली पर भी प्रतिक्रिया दी

सोनीपत में बड़ोली ने कांग्रेस को घेरा, बोले- इनके राज में देश पिछड़ा, GST सुधार और योजनाओं से मिलेगा लाभ

➤ हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने GST सुधार को आर्थिक क्रांति बताया
➤ लाडो लक्ष्मी योजना से हरियाणा की महिलाओं को 1 नवंबर से लाभ मिलेगा
➤ बड़ौली ने विपक्ष, राहुल गांधी और इनेलो रैली पर निशाना साधा

सोनीपत। हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने सोमवार को सोनीपत रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में GST सुधार को आर्थिक क्रांति बताते हुए कहा कि इससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आर्थिक सुधार हो रहा है। 15 अगस्त को लालकिले से पीएम मोदी ने देश के विकास और स्वाभिमानी भारत की दिशा में बड़े ऐलान किए थे। इसके बाद दीपावली से पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने GST काउंसिल की बैठक कर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा कर सुधार लागू किए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली प्रैसवार्ता के दौरान - Dainik Bhaskar

बड़ौली ने कहा कि मां दुर्गा के प्रथम नवरात्र पर GST सुधार की शुरुआत हुई है। अब चार टैक्स स्लैब (5%, 12%, 18%, 28%) में से 12% और 28% को खत्म कर दिया गया है। 28% स्लैब की 90% वस्तुएं 18% में और 12% स्लैब की 99% वस्तुएं 5% में शामिल की गई हैं। वहीं 5% स्लैब की 99% वस्तुएं फ्री हो गई हैं।

उन्होंने ‘वन नेशन, वन टैक्स’ प्रणाली पर जोर देते हुए कहा कि भारत में जिस उत्पाद में मजदूर का पसीना बहा है, उसका लाभ 144 करोड़ जनता को मिलना चाहिए। GST कलेक्शन से सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति देगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में सुधार पर ब्रेक लगा हुआ था और विपक्ष केवल राजनीतिक बयानबाजी करता है। भाजपा ने 2014 से अब तक ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और आने वाले समय में तीसरे नंबर पर पहुंचेगा।

बड़ौली ने राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्हें देश में कोई सीरियस नहीं लेता। पंजाब दौरे और वोट चोरी के आरोपों पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

लाडो लक्ष्मी योजना पर बड़ौली ने बताया कि हरियाणा की महिलाओं को 1 नवंबर से लाभ मिलेगा। 30-60 वर्ष की आय वर्ग की महिलाएं इस योजना में शामिल होंगी। योजना के लिए सरल एप तैयार किया गया है।

उन्होंने इनेलो की 25 सितंबर की रैली पर भी टिप्पणी की और कहा कि विपक्ष मजबूत होना लोकतंत्र के लिए जरूरी है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मजबूती नहीं रही, पार्टी देश में समाप्ति की ओर बढ़ रही है।