पीएम मोदी ने नारनौल मेडिकल कॉलेज का किया लोकार्पण,600 बेड की आईपीडी सेवाएं शुरू,स्वास्थ्य मंत्री आरती राव रहीं मौजूद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से नारनौल के महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल का लोकार्पण किया। मेडिकल कॉलेज में 600 बेड की आईपीडी सेवाएं शुरू हो गई हैं और 141 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है।
पीएम मोदी ने महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज का किया लोकार्पण
■ नारनौल में 600 बेड की आईपीडी सेवाएं शुरू
■ मेडिकल कॉलेज के लिए 141 करोड़ रुपए का बजट मंजूर
नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल स्थित गांव कोरियावास में बने महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने नारनौल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का विशेष रूप से उल्लेख किया।
141 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के विकास और विस्तार के लिए वर्ष 2026-27 में 141 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि यहां शुरू हुई ओपीडी सेवाओं में अब तक करीब 38 हजार मरीजों का उपचार किया जा चुका है।
21 विभागों में मिल रही विशेषज्ञ सेवाएं
मेडिकल कॉलेज में वर्तमान समय में 21 विभाग कार्यरत हैं। यहां टीबी, रेडियोलॉजी, मनोरोग, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा 29 मई 2026 से 15 बेड की डायलिसिस यूनिट भी शुरू हो चुकी है।
कॉलेज की आधुनिक केंद्रीय प्रयोगशाला में पैथोलॉजी, बायोकैमिस्ट्री और माइक्रोबायोलॉजी जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
डॉक्टरों और कर्मचारियों की भर्ती जारी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। भर्ती पूरी होने के बाद मरीजों को और बेहतर तथा त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
600 बेड की आईपीडी सेवाएं शुरू
करीब 76 एकड़ में फैले मेडिकल कॉलेज परिसर में शुरुआती चरण में 600 बेड क्षमता की आईपीडी सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही आपातकालीन और दुर्घटना सेवाएं भी आरंभ कर दी गई हैं।
मेडिकल कॉलेज पूरी तरह संचालित होने के बाद महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी और आसपास के जिलों के मरीजों को गंभीर इलाज के लिए दिल्ली, रोहतक या जयपुर नहीं जाना पड़ेगा।
एक साल से चल रही ओपीडी
राव तुलाराम अस्पताल में पिछले एक वर्ष से ओपीडी सेवाएं संचालित हैं। वहीं मेडिकल कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले हो चुके हैं और नियमित कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश यादव, कंवर सिंह, पूर्व विधायक डॉ. अभय सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव सहित कई जनप्रतिनिधि और आसपास के गांवों के लोग उपस्थित रहे।
pooja