धोनी-आलिया-अल्लू अर्जुन के नाम पर ठगी, छह साल की बेटी को टीवी विज्ञापन में कास्ट करने का दिया लालच
गुरुग्राम के एंबियंस मॉल में शॉपिंग करने पहुंचे दंपती से एक युवती ने 6 साल की बेटी को टीवी विज्ञापन में कास्ट करने का लालच देकर ठगी की। महेंद्र सिंह धोनी की बेटी और आलिया भट्ट के नाम का सहारा लिया गया।
-
एंबियंस मॉल में दंपती से 6 साल की बेटी को विज्ञापन में कास्ट करने का लालच देकर ठगी
-
महेंद्र सिंह धोनी, आलिया भट्ट और अल्लू अर्जुन जैसे नामों का सहारा लेकर बनाया विश्वास
-
एक लाख रुपए की मांग पर खुला राज, साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
एंबियंस मॉल में खरीदारी करने पहुंचे एक दंपती से ठगी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने दंपती की 6 साल की बेटी को टीवी विज्ञापन में कास्ट करने का लालच देकर उनसे हजारों रुपए ऐंठ लिए। ठग युवती ने क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की बेटी जीवा धोनी, अभिनेत्री आलिया भट्ट, और दक्षिण भारतीय सुपरस्टार अल्लू अर्जुन जैसे बड़े नामों का सहारा लेकर दंपती का विश्वास जीता।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर 107 स्थित M3M वुडशायर के निवासी प्रीतम घोष अपनी पत्नी इशिका घोष और बेटी के साथ एंबियंस मॉल में शॉपिंग करने गए थे। जामबार रेस्टोरेंट के पास खड़े होने के दौरान एक अज्ञात युवती ने उनसे बातचीत शुरू की। उसने अपना नाम अंजली बताया और कहा कि वह किड्स इंडिया एजेंसी के लिए काम करती है, जो बच्चों को टीवी विज्ञापनों में काम दिलाती है।
अंजली की नजर प्रीतम की 6 वर्षीय बेटी प्रतीक्षा पर पड़ी और उसने कहा कि वह उसे टीवी विज्ञापन में कास्ट करना चाहती है। उसने इशिका का फोन नंबर लिया और उसी रात करीब 11:30 बजे संदेश भेजकर प्रतीक्षा की तस्वीरें और घर का वीडियो मांगा। थोड़ी देर बाद उसने दावा किया कि बच्ची को विज्ञापन के लिए चुन लिया गया है और फोटोग्राफर फीस के रूप में 32 हजार रुपए की मांग की। दंपती ने भरोसा करते हुए क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर दिया।
कुछ दिनों बाद अंजली ने दोबारा संपर्क किया और कहा कि प्रतीक्षा को ओरियो बिस्किट के विज्ञापन में कास्ट किया गया है, जिसमें जीवा धोनी, आलिया भट्ट और अल्लू अर्जुन भी होंगे। उसने शूटिंग के नाम पर एक लाख रुपए की अतिरिक्त मांग की। इतनी बड़ी रकम सुनकर प्रीतम को शक हुआ और उन्होंने तुरंत भुगतान रोक दिया।
जब युवती बार-बार पैसे की मांग करने लगी, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। दंपती ने तुरंत साइबर थाना ईस्ट, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु दीवान ने बताया कि हाल के दिनों में इस तरह के मामले बढ़ रहे हैं, जिनमें ऑनलाइन ठग लोग मॉडलिंग या विज्ञापन के नाम पर लोगों को फंसाकर पैसे ऐंठते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या एजेंसी पर तुरंत भरोसा न करें और कोई भी भुगतान करने से पहले कंपनी की पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।
Akhil Mahajan