हरियाणा में स्क्रैप यार्ड में भीषण आग: छह दमकल गाड़ियां बुझाने में जुटीं

गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र में कंकरोला गांव के पास एक स्क्रैप यार्ड में भीषण आग लग गई। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और प्लास्टिक व रबर जैसी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई।

हरियाणा में स्क्रैप यार्ड में भीषण आग: छह दमकल गाड़ियां बुझाने में जुटीं

गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र में खुले स्क्रैप यार्ड में लगी भीषण आग
फायर ब्रिगेड की छह टीमें मौके पर पहुंचीं, कई स्टेशनों से मंगाई गई गाड़ियां
प्लास्टिक-रबर और ज्वलनशील सामग्री के कारण तेजी से फैली आग

गुरुग्राम जिले में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मानेसर क्षेत्र के कंकरोला गांव के पास स्थित एक खुले स्क्रैप यार्ड में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग तुरंत हरकत में आया। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के कई फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फिलहाल फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं

जानकारी के अनुसार सुबह मानेसर फायर स्टेशन को कंकरोला गांव के पास स्थित स्क्रैप यार्ड में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत आईएमटी मानेसर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। आग काफी तेज होने के कारण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सेक्टर-37 और सेक्टर-29 फायर स्टेशन से भी एक-एक दमकल गाड़ी भेजी गई। इसके अलावा होंडा मानेसर और मारुति मानेसर से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं।

फायर स्टेशन ऑफिसर (एफएसओ) ललित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि जिस स्क्रैप यार्ड में आग लगी है वहां प्लास्टिक, रबर, पुरानी मशीनें और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में रखी हुई थी। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया।

आग की वजह से आसपास के इलाकों में घना धुआं फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए दृश्यता भी प्रभावित हुई। स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए, जबकि दमकल कर्मी लगातार आग को काबू में करने में जुटे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।