हरियाणा में भाजपा नेता पर RWA ज्वाइंट सेक्रेटरी को पीटने का आरोप, VIDEO वायरल
गुरुग्राम की अंसल वर्सालिया सोसाइटी में RWA ज्वाइंट सेक्रेटरी और उनकी पत्नी पर हमले का मामला सामने आया है। भाजपा नेता पर मारपीट का आरोप है, पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम में RWA ज्वाइंट सेक्रेटरी और उनकी पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला
भाजपा नेता पर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप
पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू की
हरियाणा के गुरुग्राम के पॉश इलाके सेक्टर-67A स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में भाजपा नेता और उसके परिवार पर RWA के ज्वाइंट सेक्रेटरी व उनकी पत्नी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। मामूली विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों और थप्पड़ों से दंपती पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर मारपीट होती दिखाई दे रही है।
पीड़ित प्रयाग गुप्ता, जो सोसाइटी के RWA ज्वाइंट सेक्रेटरी हैं, और उनकी पत्नी शालिनी गुप्ता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और उनके कपड़े भी फाड़ दिए। घटना के दौरान आसपास के लोग बाहर तो आए, लेकिन हमलावरों के आक्रामक रवैये के कारण कोई बीच-बचाव नहीं कर सका।
घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। पीड़ित परिवार ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। शिकायत में मनीष हरसाना का नाम लिया गया है, जिन्हें भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता बताया गया है। पीड़ित का दावा है कि उनकी पत्नी भारती वार्ड-15 से पार्षद हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मनीष हरसाना के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कूड़ा डालने के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद की शुरुआत उस समय हुई, जब एक युवक ज्वाइंट सेक्रेटरी के घर के बाहर कूड़ा डाल रहा था। प्रयाग गुप्ता और उनके परिवार ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इस बात पर पहले गाली-गलौज हुई और फिर आरोपी पक्ष के कई लोग लाठी, डंडे और सरिए लेकर मौके पर पहुंच गए।
सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर की मारपीट
सामने आए वीडियो में कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर पीड़ित परिवार पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि पुरुषों के साथ-साथ महिला के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित जान बचाने के लिए भागते रहे, लेकिन हमलावर लगातार उनका पीछा करते रहे।
दहशत में रहे सोसाइटी के लोग
घटना के दौरान पीड़ित परिवार की चीख-पुकार सुनकर कई निवासी अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे होने और उनके आक्रामक व्यवहार के कारण अधिकांश लोग हस्तक्षेप नहीं कर सके। इससे सोसाइटी में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा।
पुलिस ने शुरू की जांच
सेक्टर-65 थाना के एसएचओ रामबीर ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से झगड़े की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। अगले दिन पीड़ित पक्ष ने लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, घटना के बाद से मनीष हरसाना का पक्ष सामने नहीं आया है। उनके भाई का कहना है कि बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और उन्हें पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी नहीं है।
pooja