एनकाउंटर में 4 शूटर ढेर,विदेश से चल रहा था करोड़ों की रंगदारी का खेल
गुरुग्राम में नांदल गैंग के 5 शूटरों और पुलिस के बीच मुठभेड़ में 4 बदमाश मारे गए। कारोबारी को बंधक बनाकर रंगदारी वसूलने की कोशिश की गई थी।
गुरुग्राम में नांदल गैंग के 4 शूटर पुलिस एनकाउंटर में ढेर
रियल एस्टेट कारोबारी को घर में बंधक बनाकर रंगदारी वसूलने की कोशिश
विदेश से गैंग ऑपरेट होने का शक, 3 पुलिसकर्मी भी मुठभेड़ में घायल
गुरुग्राम। विदेश में बैठे गैंगस्टरों के भारत में फैल रहे रंगदारी नेटवर्क पर हरियाणा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुग्राम के पॉश सुशांत लोक इलाके में दीपक नांदल गैंग के पांच हथियारबंद बदमाशों ने एक रियल एस्टेट कारोबारी के घर में घुसकर उसे बंधक बना लिया और रंगदारी वसूलने की कोशिश की। कारोबारी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई।
करीब 50 राउंड से अधिक फायरिंग के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 4 बदमाश मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मुठभेड़ में क्राइम ब्रांच के ASI सहित तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बदमाश ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार होकर कारोबारी विशाल बेरी के घर पहुंचे थे। विशाल उस समय घर में अकेले थे। बदमाशों ने आधुनिक हथियारों के दम पर उन्हें बंधक बना लिया। किसी तरह विशाल ने पुलिस को सूचना दे दी, जिसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
ACP सदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पहले बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पांचों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने अंकित, नितिन, आर्यन और दीपा को मृत घोषित कर दिया। घायल बदमाश शिवम का इलाज जारी है। मारे गए आरोपियों में तीन रोहतक और एक फतेहाबाद का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से कई आधुनिक हथियार बरामद किए हैं। जिस स्कॉर्पियो में आरोपी आए थे, उस पर लगा HR-26 EU6708 नंबर भी जांच में फर्जी पाया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित विशाल बेरी के पिता राजेश बेरी गुरुग्राम की एक निजी यूनिवर्सिटी के संस्थापक रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में हरियाणा STF को शक है कि दीपक नांदल विदेश से अपना गैंग ऑपरेट कर रहा है। बताया जा रहा है कि वह पहले दुबई गया था और अब उसके लंदन से गैंग चलाने की आशंका है। कुछ रिपोर्टों में उसके अमेरिका में होने की भी संभावना जताई गई है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इसी गैंग का नाम हरियाणवी गायक फाजिलपुरिया पर फायरिंग और फाइनेंसर रोहित शोकीन हत्याकांड में भी सामने आ चुका है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
pooja