तीन शादियां कर ₹18 लाख ऐंठने वाली महिला गिरफ्तार
गुरुग्राम में तीन शादियां कर कारोबारी से ₹18 लाख वसूलने और झूठे दहेज-रेप केस की धमकी देने के आरोप में महिला गिरफ्तार। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच कर रही है।
-
- गुरुग्राम में तीन शादियां कर ₹18 लाख ऐंठने की आरोपी महिला गिरफ्तार
- बिना तलाक तीसरी शादी कर पति को दहेज और रेप केस में फंसाने की धमकी
- पुलिस ने परिवार के पांच सदस्यों पर भी दर्ज किया धोखाधड़ी और वसूली का केस
गुरुग्राम पुलिस ने शादी के नाम पर हनीट्रैप चलाकर युवकों से लाखों रुपये ऐंठने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने बिना कानूनी तलाक लिए तीन शादियां कीं और अपने पतियों को दहेज, उत्पीड़न और रेप के झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर करोड़ों की संपत्ति और नकदी हड़पने की कोशिश की। पुलिस ने मुख्य आरोपी वर्षा रानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले में सेक्टर-65 थाना पुलिस ने वर्षा रानी सहित उसके माता-पिता और दो भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस सह-आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पीड़ित भिवानी निवासी व्यवसायी संदीप कुमार ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्षा रानी से 27 जून 2023 को हुई थी। शादी के बाद महिला ने उस पर परिवार से अलग रहने और पैतृक संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उसने संदीप को उसके परिवार से पूरी तरह अलग कर दिया।
संदीप के अनुसार, अप्रैल 2025 में पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब वर्षा जल्दबाजी में अपनी अलमारी की चाबी घर पर ही छोड़ गई। अलमारी खोलने पर उसे पुराने कोर्ट केस, कानूनी दस्तावेज और शादी से जुड़े रिकॉर्ड मिले। इन्हीं दस्तावेजों से पता चला कि वर्षा पहले भी दो शादियां कर चुकी थी और एक मामले में बिना तलाक लिए ही उसने उससे तीसरी शादी की थी।

-
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला ने पहले अपने अन्य पतियों और साथ रहने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी रेप और अपहरण जैसे गंभीर आरोप लगाकर मामले दर्ज कराए थे। पीड़ित ने अपनी शिकायत में सुप्रीम कोर्ट के अनिरुद्ध खानवलकर बनाम शर्मिला दास फैसले का भी हवाला दिया है, जिसमें पिछली शादी छिपाकर विवाह करना और आर्थिक लाभ लेना गंभीर अपराध माना गया है।
पीड़ित का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद वर्षा रानी ने पूरे परिवार को झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। भय के कारण उसने एक फ्लैट के सौदे के नाम पर महिला के खाते में ₹18 लाख RTGS के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए।
संदीप ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी महिला के भाई ने जांच अधिकारी के सामने ही उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने सेक्टर-61 स्थित उसके कार्यालय का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया और वहां से करीब ₹2 लाख नकद, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा क्लाइंट की रजिस्ट्रियां भी ले गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच जारी है।
वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता सुनीता नारायण भारद्वाज ने दावा किया कि आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पूरी जांच के बाद ही एफआईआर दर्ज कराई गई थी और अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
pooja