सगाई में लाइट को लेकर हुआ झगड़ा तो गुस्साए दूल्हे ने दोस्तों के साथ मिलकर मार दी इलेक्ट्रिश्यिन को गोली, मौत
गुरुग्राम के रणसीका गांव में लगन सगाई समारोह के दौरान डेकोरेशन की लड़ी को लेकर हुए विवाद में इलेक्ट्रिशियन बरकत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दूल्हे समेत तीन युवकों पर हत्या का मामला दर्ज।
➤ डेकोरेशन की लड़ी को लेकर हुआ विवाद, इलेक्ट्रिशियन की गोली मारकर हत्या
➤ दूल्हे समेत तीन युवकों पर हत्या का केस, वारदात के बाद फरार
➤ गुरुग्राम के रणसीका गांव में समारोह बना मातम, पुलिस ने शुरू की तलाश
गुरुग्राम के पटौदी थाना क्षेत्र के गांव रणसीका में लगन सगाई का खुशियों भरा माहौल देर रात उस समय मातम में बदल गया, जब डेकोरेशन की लाइट की लड़ी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। गोली लगने से इलेक्ट्रिशियन बरकत की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दूल्हे अमनदीप और उसके साथी साहिल समेत तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बरकत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोसी कलां का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से लाइट और डेकोरेशन का काम कर रहा था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह से काम पर जुटे थे, रात में बिगड़ा मामला
मृतक के ससुर हाशिम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बरकत अपने साथी मुस्तफा के साथ इलेक्ट्रिशियन का कार्य करता था। वे श्री श्याम टेंट हाउस के माध्यम से रणसीका गांव में लगन सगाई समारोह में लाइट लगाने पहुंचे थे। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे से ही बरकत, मुस्तफा और युसुफ कार्यक्रम स्थल पर काम में जुटे हुए थे।
रात करीब 9:27 बजे एक LED लाइट में तकनीकी खराबी आ गई। इसी बात को लेकर दूल्हे अमनदीप, साहिल और एक अन्य युवक ने तीनों कर्मचारियों के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने धमकी दी कि गलत लाइट लगाने का मजा चखा देंगे।
धमकी के बाद लौटे हथियार लेकर, ताबड़तोड़ फायरिंग
कुछ देर बाद आरोपी हथियार लेकर दोबारा मौके पर पहुंचे। आरोप है कि अमनदीप ने बरकत पर जान से मारने की नीयत से फायर किया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घबराकर बरकत और उसके साथी टेंट से बाहर की ओर भागे। तभी एक और फायर किया गया, जो बरकत की कमर में जा लगा। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हत्या का केस दर्ज, आरोपी फरार
पटौदी थाना के एसएचओ ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डेकोरेशन की लड़ी को लेकर विवाद की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दूल्हे अमनदीप, साहिल और एक अन्य युवक के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की गई हैं।
Akhil Mahajan