हिमाचल में सेब का बागीचा लगाने का सपना पूरा करने के लिए हड़प लिए पचास लाख, दिल्ली में 7 दिन खड़ी रही नकदी से भरी कार
गुरुग्राम में डिस्कवरी वाइन शॉप का PSO 50 लाख रुपए लेकर फरार हो गया। दिल्ली में कार छिपाकर रखी गई। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर 49.50 लाख बरामद किए।
➤ डिस्कवरी वाइन शॉप के PSO ने 50 लाख की नकदी हड़पी
➤ दिल्ली की MCD पार्किंग में 7 दिन खड़ी रही कार, आरोपी घूमता रहा
➤ क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 ने दबोचा, 49.50 लाख बरामद
गुरुग्राम में एक बड़े वाइन शॉप ग्रुप के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर ने भरोसे को तोड़ते हुए 50 लाख रुपए की नकदी लेकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। मामला डिस्कवरी वाइन शॉप से जुड़ा है, जहां मालिक ने PSO को दिल्ली में जानकार को 50 लाख रुपए कैश देने के लिए भेजा था।
आरोपी ने पूरी रकम अपनी S-PRESSO कार की डिग्गी में रखी और दिल्ली पहुंचने के बाद तय व्यक्ति को पैसे देने की बजाय फोन बंद कर दिया। इसके बाद उसने कार को दिल्ली के बत्रा अस्पताल के पास MCD पार्किंग में खड़ा कर दिया। नकदी से भरी यह कार पूरे 7 दिन तक वहीं खड़ी रही, जबकि आरोपी हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने चला गया।
पुलिस के मुताबिक, ऋषिकेश में आरोपी ने अपना मोबाइल फोन भी तोड़कर फेंक दिया, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। बाद में वह पत्नी और बच्चों को लेने के लिए गांव जाने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस के डर से बीच रास्ते गुरुग्राम लौट आया।
मंगलवार रात जब वह सेक्टर-56 स्थित अपने कमरे पर पहुंचा, तभी क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जय प्रताप सिंह निवासी गांव बेलाहार, जिला मैनपुरी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह पिछले 10 वर्षों से डिस्कवरी वाइन ग्रुप में PSO के तौर पर काम कर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह हिमाचल प्रदेश में फलों का बाग लगाना चाहता था। इसके लिए बड़ी रकम की जरूरत थी। जब उसे 50 लाख रुपए अकेले दिल्ली ले जाने की जिम्मेदारी मिली, तो उसने इसी मौके पर रकम हड़पने की साजिश रच ली।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 की टीम ने आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली की MCD पार्किंग से उसकी कार बरामद की। कार की डिग्गी से 49 लाख 50 हजार रुपए बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी ने 50 हजार रुपए घूमने-फिरने में खर्च कर दिए थे।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 इंचार्ज इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात में कोई और कर्मचारी शामिल था या आरोपी ने अकेले ही पूरी साजिश रची।
Author1