हरपथ ऐप से हरियाणा में खराब सड़कों की होगी ऑनलाइन शिकायत
हरियाणा में हरपथ ऐप लॉन्च, अब नागरिक खराब सड़कों और गड्ढों की शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, GPS और फोटो अपलोड के साथ स्थिति ट्रैक संभव, CM नायब सिंह सैनी ने विकास कार्यों की 15 दिन में समीक्षा के निर्देश दिए
➤ हरपथ ऐप से हरियाणा में खराब सड़कों की ऑनलाइन शिकायत संभव
➤ ऐप में जीपीएस और फोटो अपलोड की सुविधा, शिकायत की ट्रैकिंग भी
➤ CM नायब सिंह सैनी ने विकास कार्यों की 15 दिन में समीक्षा का निर्देश
हरियाणा सरकार ने अब खराब सड़कों और गड्ढों की शिकायतों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने का रास्ता खोल दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से “म्हारी सड़क” ऐप (हरपथ) की लॉन्चिंग की। सीएम सैनी ने बताया कि राज्य की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने और गुणवत्ता में सुधार के लिए यह ऐप शुरू किया गया है।
इस अवसर पर हरियाणा के लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा और वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानचंद गुप्ता भी मौजूद रहे। इस ऐप के जरिए राज्य के नागरिक खराब सड़कें, गड्ढे या अन्य सड़क संबंधी समस्याओं की तस्वीर और लोकेशन (GPS के माध्यम से) अपलोड कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद वह उसकी स्थिति को ट्रैक भी कर सकते हैं।
हरपथ ऐप सरकार की नागरिक प्रतिक्रिया प्रणाली का हिस्सा है। इसके माध्यम से सीधे तौर पर सड़क संबंधी समस्याओं की सूचना संबंधित विभागों तक पहुँचती है। ऐप सड़कों की समस्या को जीपीएस के जरिए जियो-टैग करता है और फील्ड में तैनात अधिकारी सड़कों से जुड़े अपडेट साझा करते हैं। इसके अलावा ब्लॉक मार्ग की जानकारी भी ऐप पर दिखाई जाती है।
लॉन्चिंग से पहले मुख्यमंत्री सैनी ने चंडीगढ़ में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के साथ विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्य योजनाबद्ध तरीके से और तय समय सीमा में पूरा किए जाएँ। साथ ही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए हर 15 दिन में प्रगति की समीक्षा करनी होगी।
सैनी ने ग्राम पंचायतों को 500 वर्ग गज तक की शामलात भूमि पर अनधिकृत मकानों के नियमितीकरण और पात्र लोगों की जागरूकता के लिए ग्राम सभा की बैठकें और मुनादी कराने का भी निर्देश दिया। अगले तीन सप्ताह में इन बैठकों का आयोजन कर केसों का निपटान सुनिश्चित करने को कहा गया।
Akhil Mahajan