हरियाणा विधानसभा में गूंजा गायत्री हुड्डा का नाम, सत्ता-विपक्ष में तीखी नोकझोंक
हरियाणा विधानसभा सत्र में गायत्री हुड्डा को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए। मंत्री कृष्ण बेदी के बयान पर कांग्रेस ने प्रिवलेज मोशन की चेतावनी दी।
■ मंत्री कृष्ण बेदी के बयान पर कांग्रेस का कड़ा एतराज
■ बीबी बत्रा ने रिकॉर्ड का हवाला देकर प्रिवलेज मोशन की चेतावनी दी
■ भूपेंद्र हुड्डा ने सदन में रिश्तेदारी के दावे को बताया गलत
चंडीगढ़ स्थित हरियाणा विधानसभा में चल रहे सत्र के दौरान एक बार फिर एचसीएस अधिकारी गायत्री हुड्डा का नाम चर्चा का केंद्र बन गया। रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने मंत्री कृष्ण बेदी के उस बयान पर सवाल उठाए, जिसमें गायत्री को नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के रिश्तेदार के रूप में बताया गया था।
बीबी बत्रा ने सदन में कहा कि मंत्री द्वारा दिया गया बयान तथ्यात्मक रूप से गलत है और उनके पास इसका रिकॉर्ड मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गायत्री अहलावत सेना में अधिकारी रह चुकी हैं और अब सेवानिवृत्त हैं। साथ ही चेतावनी दी कि इस मुद्दे पर प्रिवलेज मोशन लाया जाएगा।
मंत्री कृष्ण बेदी का पक्ष
मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि उन्होंने किसी का नाम लेने की मंशा नहीं रखी थी, लेकिन आग्रह किए जाने पर अखबार की कटिंग के आधार पर उल्लेख किया। उनका कहना था कि उन्होंने कांग्रेस शासनकाल में भर्ती हुए एचसीएस अधिकारियों की सूची पढ़ी और उसी संदर्भ में यह बात कही।
सदन में सीधा चैलेंज
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने मंत्री के दावे को सीधे तौर पर चुनौती दी। उन्होंने कहा कि उनके पांच भाई हैं और उनमें से किसी के बेटे का नाम राजेंद्र नहीं है। ऐसे में गायत्री को उनके भतीजे की बेटी बताना पूरी तरह निराधार है।
विधानसभा में इस मुद्दे को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। अब देखना होगा कि क्या इस मामले में प्रिवलेज मोशन लाया जाता है और सरकार या मंत्री की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण आता है या नहीं।
Akhil Mahajan