हरियाणा बोर्ड ने जारी की 10वीं-12वीं की डेट शीट, फरवरी में शुरू होंगी परीक्षाएं
हरियाणा बोर्ड ने 10वीं-12वीं की डेट शीट जारी की। 25 फरवरी से परीक्षाएं शुरू होंगी। 5.21 लाख विद्यार्थी परीक्षा देंगे। केंद्र 2 KM के भीतर और आंसर शीट पर QR कोड होगा।
25 फरवरी से 12वीं और 26 फरवरी से 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू
करीब 5.21 लाख विद्यार्थी देंगे परीक्षा, पिछले साल से 56,468 अधिक
परीक्षा केंद्र 2 KM के भीतर, आंसर शीट पर होगा QR कोड
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं की डेट शीट जारी कर दी है। बोर्ड के अनुसार 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू होंगी, जबकि 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 26 फरवरी से प्रारंभ होंगी। इन परीक्षाओं में प्रदेश भर से कुल 5 लाख 21 हजार 795 विद्यार्थी शामिल होंगे।
बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि इस बार परीक्षाओं को लेकर कई अहम बदलाव किए गए हैं। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर छात्र का परीक्षा केंद्र उसके स्कूल या गांव से अधिकतम 2 किलोमीटर की दूरी पर ही रखा जाएगा, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
दसवीं की डेटशीट
उन्होंने बताया कि आंसर शीट पर इस बार QR कोड लगाया जाएगा, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुरक्षित होगी। इससे फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और उत्तर पुस्तिकाओं की ट्रैकिंग आसान हो सकेगी।
12वीं की डेटशीट
बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार 56,468 परीक्षार्थी अधिक परीक्षा देंगे। मार्च 2025 की परीक्षाओं में 10वीं के 2,71,499 और 12वीं के 1,93,828 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इस बार 10वीं के 2,78,334 और 12वीं के 2,43,461 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
इस तरह 10वीं में 6,835 और 12वीं में 49,633 विद्यार्थियों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बोर्ड का कहना है कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलमुक्त कराने के लिए सख्त इंतजाम किए जाएंगे।
Akhil Mahajan