हरियाणा CET ग्रुप-D भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 19 जून से आवेदन शुरू; 7,596 पदों पर होगी भर्ती

हरियाणा CET ग्रुप-D भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी हो गया है। 19 जून से आवेदन शुरू होंगे। कुल 7,596 पदों पर भर्ती होगी और आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई है।

हरियाणा CET ग्रुप-D भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 19 जून से आवेदन शुरू; 7,596 पदों पर होगी भर्ती

➤ CET ग्रुप-D भर्ती के लिए 19 जून से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे

➤ 3 जुलाई आवेदन की अंतिम तिथि, 6 जुलाई तक जमा होगा शुल्क

➤ 7,596 पदों पर भर्ती की तैयारी, आरक्षित वर्गों के लिए सर्टिफिकेट की शर्तें तय


हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) ग्रुप-D भर्ती 2026 का बहुप्रतीक्षित नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार अभ्यर्थी 19 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है, जबकि फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 6 जुलाई 2026 रहेगी।

आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि उम्मीदवारों को आवेदन पत्र में सुधार का अवसर भी दिया जाएगा। अभ्यर्थी 7 जुलाई से 9 जुलाई 2026 तक अपने आवेदन में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार 7,596 ग्रुप-D पदों को भरने की तैयारी में है। इससे पहले सरकार भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए चयन को पूरी तरह CET स्कोर आधारित बना चुकी है। अब उम्मीदवारों का चयन मुख्य रूप से CET में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।

आयोग द्वारा जारी विज्ञापन में बीसीए, बीसीबी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए स्पष्ट किया गया है कि उनके प्रमाण पत्र 1 अप्रैल 2026 या उसके बाद जारी होने चाहिए और आवेदन की अंतिम तिथि तक वैध होने चाहिए।

वहीं डीएससी (DSC) और ओएससी (OSC) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रमाण पत्र 13 नवंबर 2024 के बाद जारी होना अनिवार्य किया गया है।इसके अलावा पीडब्ल्यूबीडी (PwBD) और ईएसपी (ESP) श्रेणी के प्रमाण पत्र आवेदन की अंतिम तिथि तक वैध होने चाहिए। पूर्व सैनिकों के परिवार के सदस्यों के लिए पात्रता प्रमाण पत्र 20 जून 2025 या उसके बाद जारी या नवीनीकृत होना आवश्यक होगा।

आयोग ने फिलहाल परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख घोषित नहीं की है। इसके लिए अलग से सूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हरियाणा सरकार ने अनुसूचित जाति आरक्षण के वर्गीकरण को लागू किया है। इसके तहत प्रस्तावित 7,596 पदों में से 1,209 पद डीएससी और ओएससी वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसे राज्य की सबसे बड़ी ग्रुप-D भर्तियों में से एक माना जा रहा है।