हरियाणा में ऑटो और सेमीकंडक्टर सेक्टर में जापान की बढ़ी दिलचस्पी, सीएम सैणी से मिला प्रतिनिधिमंडल
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जापानी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर ऑटोमोबाइल, सेमीकंडक्टर और फाइनेंशियल सेक्टर में निवेश अवसरों पर चर्चा की।
➤ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जापानी प्रतिनिधिमंडल से की अहम मुलाकात
➤ हरियाणा में ऑटोमोबाइल, सेमीकंडक्टर और फाइनेंशियल सेक्टर में निवेश पर चर्चा
➤ जापान के निवेशकों ने हरियाणा के अनुकूल कारोबारी माहौल की सराहना की
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय में जापान के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मिजुहो बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और इंडिया हेड रियो मुराओ ने किया।
बैठक के दौरान ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, शिक्षा, फाइनेंशियल सर्विसेज और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री जैसे क्षेत्रों में नए निवेश अवसरों पर विचार-विमर्श हुआ। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा की ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, प्रगतिशील नीतियों और उद्योग-अनुकूल वातावरण की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल ने विदेश सहयोग विभाग के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने में रुचि दिखाई। मिजुहो बैंक द्वारा दिल्ली से गुरुग्राम में कार्यालय स्थानांतरित करने को भी हरियाणा की आर्थिक क्षमता में विश्वास के संकेत के रूप में बताया गया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आश्वासन दिया कि हरियाणा सरकार जापानी कंपनियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने राज्य की रणनीतिक स्थिति, कुशल मानव संसाधन और स्थिर प्रशासनिक ढांचे को निवेश के लिए अनुकूल बताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल प्रमुख को भगवद गीता की प्रति भी भेंट की।
Akhil Mahajan