हरियाणा में घना कोहरा, विजिबिलिटी 5 मीटर तक गिरी़, दो दिन में 62 वाहन टकराए, 4 की मौत से हड़कंप
हरियाणा में घने कोहरे से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। दो दिन में 62 सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हुई। सरकार ने अलर्ट जारी कर ट्रैफिक पर सख्ती बढ़ाई है।
• हरियाणा के अधिकांश जिलों में घना कोहरा, विजिबिलिटी 5 से 10 मीटर तक सिमटी
• दो दिन में 7 जिलों में 62 वाहन टकराए, 4 की मौत, 166 घायल
• सरकार अलर्ट, कोहरे को लेकर गाइडलाइन जारी, ट्रैफिक पर सख्ती
हरियाणा में सोमवार को भी घने कोहरे का असर बरकरार रहा। प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रही। कई जगहों पर दृश्यता केवल 5 से 10 मीटर तक सिमट गई। बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा, लेकिन कोहरे की तीव्रता लगातार बढ़ती जा रही है।
नूंह जिले में चंडीगढ़ जा रही एक बस सुबह करीब छह बजे गांव घासेड़ा के पास हादसे का शिकार हो गई। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। घने कोहरे के चलते प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला तेज हो गया है।
पिछले दो दिनों में हरियाणा के सात जिलों में अलग-अलग स्थानों पर 62 वाहन आपस में टकरा गए। इन दुर्घटनाओं में 11वीं कक्षा की छात्रा समेत चार लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 166 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इन हादसों पर शोक जताते हुए मृत छात्रा के परिजनों को 2.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
घने कोहरे से होने वाले हादसों को देखते हुए सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। प्रशासन की ओर से गाइडलाइन जारी कर लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम की जानकारी के लिए रेडियो, टीवी और समाचार पत्रों के माध्यम से लगातार अपडेट लेते रहें और बेहद सावधानी से वाहन चलाएं।
गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने सड़क किनारे पार्किंग पर पूर्ण रोक लगा दी है। कोहरे के कारण यहां विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम हो गई है, जिससे खड़े वाहन दिखाई नहीं देते और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। दिल्ली बॉर्डर पर खड़े ट्रकों को भी हटवाया जा रहा है।
एमसीडी टोल प्लाजा के कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गुरुग्राम सीमा में किसी भी वाहन को खड़ा न होने दिया जाए। रविवार रात नौ बजे से अलसुबह चार बजे तक विशेष अभियान चलाकर सड़कों को खाली करवाया गया। इस दौरान 500 से अधिक वाहनों पर आगे और पीछे रिफ्लेक्टर टेप भी लगाए गए।
प्रदूषण के मद्देनजर दिल्ली एनसीआर से जुड़े जिलों में ग्रैप-4 की पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। इसके तहत कई निर्माण कार्यों पर रोक रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम औसत तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान गुरुग्राम में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने सोमवार को 15 जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। फतेहाबाद में दूसरे दिन भी सीजन का घना कोहरा देखने को मिला। सुबह के समय हिसार, कैथल, गुरुग्राम, फतेहाबाद, सोनीपत, फरीदाबाद, नूंह और झज्जर समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Author1