हरियाणा में घना कोहरा, 20 जिलों में अलर्ट जारी ठंड और कोहरे से रेल और बस सेवाएं प्रभावित

हरियाणा में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। 20 जिलों में अलर्ट जारी, ट्रेनें लेट और किसानों के लिए मौसम विभाग की एडवाइजरी।

हरियाणा में घना कोहरा, 20 जिलों में अलर्ट जारी  ठंड और कोहरे से रेल और बस सेवाएं प्रभावित
  • हरियाणा में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित
  • 20 जिलों में कोहरे का अलर्ट, ट्रेनें और बस सेवाएं प्रभावित
  • किसानों और पशुपालकों के लिए मौसम विभाग की विशेष एडवाइजरी जारी

हरियाणा में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए बेहद घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। कोहरे के कारण प्रदेश के करीब 20 जिले प्रभावित रह सकते हैं, जिससे आम लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ रहा है।

कोहरे की वजह से रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें कई-कई घंटे की देरी से चल रही हैं। शुक्रवार को मालवा एक्सप्रेस करीब पांच घंटे देरी से पानीपत पहुंची, जबकि गोरखधाम एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे देरी से हिसार पहुंची। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ा।

कोहरे के चलते हरियाणा रोडवेज ने रात 11 बजे और सुबह 4 बजे चलने वाली अधिकांश बसें रद्द कर दी हैं। इससे दैनिक कार्य के लिए बाहर निकलने वाले लोगों को घंटों तक बसों का इंतजार करना पड़ा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 23 दिसंबर तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, नूंह और पलवल में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सिरसा और फतेहाबाद में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।

गोरखधाम एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे की देरी से चल रही है। यह ट्रेन सुबह साढ़े नौ बजे हिसार पहुंचती है, लेकिन इसके दोपहर सवा 12 बजे पहुंचने की संभावना है। तिरुपति-हिसार एक्सप्रेस भी दो घंटे से अधिक लेट चल रही है।

हिसार होकर गुजरने वाली हरिद्वार-भावनगर एक्सप्रेस तीन घंटे से अधिक देरी से है। इसी तरह त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस भी करीब तीन घंटे की देरी से चल रही है।

कोहरे के कारण पानीपत में 16 एक्सप्रेस ट्रेनें देरी से चल रही हैं। ऊंचाहर एक्सप्रेस करीब आठ घंटे देरी से है। यह ट्रेन सुबह 5:55 बजे पानीपत पहुंचनी थी, लेकिन अब इसके दोपहर 2:50 बजे पहुंचने की संभावना है।

इसी तरह कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस करीब सात घंटे देरी से चल रही है। इसके अलावा मालवा एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, स्वराज एक्सप्रेस और मुंबई-अमृतसर एक्सप्रेस भी कई घंटों की देरी से चल रही हैं।

घने कोहरे को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। गेहूं और सरसों की फसल में सिंचाई सुबह के बजाय दोपहर में करने की सलाह दी गई है। सरसों में हल्की सिंचाई रखें और खेत में पानी जमा न होने दें।

सरसों की फसल में सफेद रस्ट रोग का खतरा बढ़ गया है। लक्षण दिखने पर मैन्कोजेब का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। गन्ने की फसल में रेड रॉट से प्रभावित खेत का पानी दूसरे खेतों में न जाने देने को कहा गया है।

पत्तेदार सब्जियों की कटाई कोहरा छंटने और सूरज निकलने के बाद ही करने की सलाह दी गई है, ताकि नमी से फसल खराब न हो। कोहरे के दौरान कृषि यंत्रों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने को कहा गया है।

पशुपालकों को सलाह दी गई है कि पशुओं को रात में खुले में न बांधें और उन्हें शेड के नीचे रखें। पीने के लिए गुनगुना पानी दें। पशु आहार में रोजाना आयोडीन युक्त नमक और मिनरल मिक्सचर मिलाएं। शेड में हवा की आवाजाही रखें, लेकिन ठंडी हवा सीधे पशुओं पर न लगे।