हरियाणा में GST की नई दरें लागू, जनता को 4 हजार करोड़ का फायदा, हरियाणा 5वें नंबर पर

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नई GST दरों से प्रदेशवासियों को करीब 4 हजार करोड़ रुपए का फायदा होगा। खाद्य पदार्थों पर GST खत्म कर दिया गया है, जबकि कृषि उपकरण, दवाओं, सिलाई मशीन और सीमेंट पर दरें घटाई गई हैं।

हरियाणा में GST की नई दरें लागू, जनता को 4 हजार करोड़ का फायदा, हरियाणा 5वें नंबर पर

➤ हरियाणा में नई GST दरों से जनता को 4 हजार करोड़ रुपए का फायदा
➤ अगस्त तक GST कलेक्शन में 20% की बढ़ोतरी, हरियाणा 5वें नंबर पर
➤ खाद्य पदार्थों पर GST खत्म, कृषि उपकरण और जरूरी दवाओं पर दरें घटाई गईं

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर GST काउंसिल की 56वीं बैठक के बाद राज्य को होने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नई GST दरें लागू होने से हरियाणा के लोगों को लगभग 4 हजार करोड़ रुपए का फायदा होगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अधिकारियों की भी मीटिंग ली। - Dainik Bhaskar

सीएम सैनी ने बताया कि हरियाणा GST कलेक्शन में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। पिछले साल अगस्त की तुलना में इस साल अगस्त में 31% अधिक GST इकट्ठा हुआ है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक कुल कलेक्शन में 20% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। GST कलेक्शन के मामले में हरियाणा देश के बड़े राज्यों में 5वें स्थान पर है। वर्ष 2024-25 में हरियाणा ने 39,743 करोड़ रुपए का GST संग्रह किया था।

सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में GST के स्लैब को सरल बनाया गया है। अब केवल दो मुख्य दरें 5% और 18% लागू होंगी, जो 22 सितंबर से प्रभावी होंगी। लग्जरी और हानिकारक चीजों पर 40% की दर रखी गई है ताकि वर्गीकरण संबंधी विवाद कम हों और करदाताओं को राहत मिल सके।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम सैनी के अहम बिंदु:

  • रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों पर GST समाप्त कर दिया गया है।

  • कृषि उपकरणों पर GST दर 12% से घटाकर 5% की गई है।

  • ट्रैक्टर, पार्ट्स और सौर ऊर्जा उपकरणों पर भी टैक्स कम हुआ है।

  • महिला उद्यमियों के लिए सिलाई मशीन पर GST 18% से घटाकर 5% किया गया है।

  • जीवन रक्षक दवाओं पर GST को 12% से घटाकर शून्य कर दिया गया है, जबकि मेडिकल उपकरणों पर इसे 5% किया गया है।

  • सीमेंट पर GST 28% से घटाकर 18% करने से निर्माण लागत में कमी आएगी।

  • कारों में पेट्रोल इंजन (1200 सीसी तक) और डीजल इंजन (1500 सीसी तक) वाली गाड़ियों पर दर 28% से घटाकर 18% कर दी गई है।

सीएम सैनी ने कहा कि यह कदम आम जनता को बड़ी राहत देगा। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं किसानों और महिला उद्यमियों के लिए भी यह निर्णय ऐतिहासिक साबित होगा।