हरियाणा में मानसून हुआ एक्टिव, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

हरियाणा में मानसून सक्रिय हो गया है। 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 11 जुलाई तक कई जिलों में बारिश और तापमान में गिरावट की संभावना है।

हरियाणा में मानसून हुआ एक्टिव, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

हरियाणा में मानसून फिर हुआ एक्टिव, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

8 से 11 जुलाई तक कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना

बारिश से तापमान में गिरावट, किसानों और आमजन को मिलेगी राहत


हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को प्रदेश के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अन्य जिलों में भी करीब 50 प्रतिशत तक बारिश की संभावना बनी हुई है। मंगलवार से मानसून के और अधिक सक्रिय होने के संकेत हैं। इसके चलते कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, जींद, भिवानी और चरखी दादरी के कुछ इलाकों में भी बूंदाबांदी और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

आईएमडी ने 8, 9, 10 और 11 जुलाई तक भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। जुलाई के शुरुआती दिनों में अपेक्षाकृत कमजोर रहे मानसून के अब रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है।

सोमवार को पानीपत में दोपहर के समय तेज झमाझम बारिश हुई, जबकि करनाल में भी बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। कई इलाकों में लोगों को उमस से राहत मिली।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने भी 10 जुलाई तक मौसम परिवर्तनशील रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून ट्रफ हिसार और भटिंडा तक बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि अरब सागर में बन रहे डिप्रेशन और राजस्थान पर विकसित हो रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। इससे दिन के तापमान में गिरावट और वातावरण में नमी बढ़ेगी।

सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। गुरुग्राम में सबसे अधिक 34.5 मिमी, हिसार के बालसमंद में 31 मिमी, जींद में 26.5 मिमी, करनाल में 16 मिमी, चंडीगढ़ में 9.8 मिमी, चरखी दादरी में 9 मिमी और कैथल में 8.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

अधिकतम तापमान में औसतन 0.1 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा पलवल में 38.4, हिसार में 38.2, नूंह में 38.0 और अंबाला में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में बादलों और बारिश की गतिविधियां बढ़ने से दिन के तापमान में और गिरावट आएगी। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

वहीं न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। रोहतक और हिसार में 28.2 डिग्री, करनाल में 26.8 डिग्री, जबकि नारनौल और भिवानी में 26.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश और बादलों की आवाजाही से रात के तापमान में भी गिरावट बनी रहने की संभावना है।