दिल्ली धमाके के बाद हरियाणा में हाई अलर्ट: NCR में चेकिंग तेज, बॉर्डर सील, हर संदिग्ध पर नज़र
दिल्ली लाल किला धमाके के बाद हरियाणा हाई अलर्ट पर। NCR जिलों में सघन चेकिंग, बॉर्डर सील, होटल और मॉल में पुलिस निगरानी। DGP बोले – संदिग्ध दिखे तो 112 पर करें सूचना।
-
दिल्ली लाल किला धमाके के बाद हरियाणा हाई अलर्ट पर, गुरुग्राम–फरीदाबाद–सोनीपत में सुरक्षा कड़ी
-
बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन, होटल और मॉल में 24 घंटे निगरानी
-
DGP ओपी सिंह ने कहा – जनता शांत रहे, किसी संदिग्ध की तुरंत सूचना दें
दिल्ली केृ लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए ब्लास्ट में 8 लोगों की मौत और 7 के घायल होने के बाद अब हरियाणा में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। NCR के जिलों – गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, बहादुरगढ़ और पलवल में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से बढ़ा दिया गया है।
हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह ने देर रात अपने X (Twitter) अकाउंट पर लिखा कि “दिल्ली की घटना के बाद हरियाणा पूरी तरह अलर्ट पर है। सभी जिलों के पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं। जनता से अपील है कि शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना डायल 112 पर दें।”
NCR जिलों में बढ़ी सुरक्षा, बॉर्डर पर सख्त निगरानी
दिल्ली से सटे गुरुग्राम, फरीदाबाद और बहादुरगढ़ बॉर्डर पर पुलिस ने नाकाबंदी शुरू कर दी है।
टिकरी बॉर्डर पर दिल्ली से आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग सघन कर दी गई है।
वाहनों के नंबर दर्ज कर रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाया जा सके।
गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर ने सभी DCP, ACP और थाना प्रभारी अधिकारियों को अपने-अपने इलाकों में 24 घंटे की गश्त पर रहने के निर्देश दिए हैं। सभी थानों को यह भी आदेश दिया गया है कि कोई भी अधिकारी अपने क्षेत्र से बिना सूचना के बाहर न जाए।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुल सिक्योरिटी डिप्लॉयमेंट
राज्य के सभी बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों, मॉल, मार्केट और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस की क्विक रेस्पॉन्स टीमें (QRT) और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं।
CCTV निगरानी और चेहरा पहचान प्रणाली (Face Recognition) से भीड़ पर नजर रखी जा रही है।
फरीदाबाद और गुरुग्राम में होटल, धर्मशालाओं, हॉस्टल और पार्किंग एरिया की भी चेकिंग जारी है। पुलिस संदिग्ध नामों पर दर्ज एंट्री की जांच कर रही है।
DGP बोले – कोई अफवाह न फैलाएं, सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय
डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस और खुफिया एजेंसियां दिल्ली पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा, “राज्य में किसी तरह की अफवाह या दहशत फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हरियाणा की सीमाओं पर पुलिस और सीआईडी की टीमें 24 घंटे तैनात हैं।”
फरीदाबाद कनेक्शन पर फिर फोकस
फरीदाबाद में हाल ही में बरामद 2910 किलो विस्फोटक और 3 डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क थीं।
दिल्ली धमाके के बाद यह मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एजेंसियां दिल्ली धमाके और फरीदाबाद मॉड्यूल के बीच संबंधों की गहराई से जांच कर रही हैं।
दिल्ली पुलिस से समन्वय बढ़ा, संयुक्त टीमों का गठन
दिल्ली और हरियाणा की पुलिस के बीच संयुक्त गश्त शुरू हो चुकी है।
गुरुग्राम के डीसीपी ने बताया कि “दिल्ली पुलिस से रीयल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग की जा रही है।”
साथ ही एनआईए, एनएसजी और आईबी से भी लगातार फीडबैक लिया जा रहा है।
Author1 