पंजाब के कपल का हरियाणा में हनीट्रैप: लव मैरिज, हैंडबैग में हिडन कैमरा लगाकर बनाई न्यूड VIDEO और फ‍िर ₹ 50 लाख की डिमांड

हरियाणा में हनीट्रैप का बड़ा खुलासा हुआ है, जहां ब्यूटिशियन ने पति के साथ मिलकर हिडन कैमरे से वीडियो बनाकर ठेकेदार से 50 लाख की डिमांड की। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पंजाब के कपल का हरियाणा में हनीट्रैप:  लव मैरिज, हैंडबैग में हिडन कैमरा लगाकर बनाई न्यूड VIDEO और फ‍िर  ₹ 50 लाख की डिमांड

हनीट्रैप का खौफनाक जाल, ब्यूटिशियन निकली मास्टरमाइंड
हिडन कैमरे से वीडियो बनाकर 50 लाख की डिमांड
पति-पत्नी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बिछाया ट्रैप


हरियाणा में हनीट्रैप के एक सनसनीखेज मामले में बड़े खुलासे हुए हैं, जिसमें एक ब्यूटिशियन महिला पूरे गैंग की मास्टरमाइंड निकली। यह महिला पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में ब्यूटी पार्लर चलाती थी और शादी के महज छह महीने बाद ही अपने पति के साथ मिलकर हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू कर दिया। मामले में पुलिस ने महिला, उसके पति और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने कैथल के एक 45 वर्षीय ठेकेदार को अपने जाल में फंसाया। महिला पहले से ही उसे जानती थी और इसी पहचान का फायदा उठाकर उसे पंचकूला के मोरनी हिल्स स्थित एक होटल में बुलाया। यहां पहले से ही उसने अपने हैंडबैग में हिडन कैमरा फिट कर रखा था, जिसे कमरे में इस तरह रखा गया कि सब कुछ रिकॉर्ड हो सके।पंचकूला के मोरनी हिल्स एरिया स्थित होटल, जहां पर ठेकेदार ने कमरा बुक किया।

होटल में दोनों के बीच निजी पल के दौरान महिला बार-बार अपने बैग के पास जा रही थी, जिससे ठेकेदार को शक हुआ। उसने बैग की तलाशी ली तो उसमें कैमरा मिला और उसने तुरंत उसे तोड़ दिया। हालांकि, उसे यह नहीं पता था कि कैमरा वाई-फाई से जुड़ा हुआ था और महिला का पति घर बैठकर लाइव रिकॉर्डिंग कर रहा था। इसी दौरान वीडियो क्लिप बन चुकी थी।

अगले दिन ठेकेदार के मोबाइल पर उसकी अश्लील वीडियो क्लिप भेजी गई और बदले में 50 लाख रुपए की मांग की गई। लगातार कॉल और धमकियों से परेशान होकर ठेकेदार ने पहले 25 लाख रुपए देने की बात मानी, लेकिन आरोपियों ने 35 लाख से कम में मानने से इनकार कर दिया।

इसके बाद ठेकेदार ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जाल बिछाया और ठेकेदार को आरोपियों से मिलने के लिए कहा। जैसे ही आरोपी पैसे लेने पहुंचे, पुलिस ने मौके पर ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि महिला ने कुछ समय पहले ही सरहिंद निवासी युवक दिलप्रीत सिंह से लव मैरिज की थी। दोनों ऐशो-आराम की जिंदगी जीना चाहते थे और पैसों की कमी के चलते इस रास्ते पर चल पड़े। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, हिडन कैमरा और एक कार भी बरामद की है।

चंडीमंदिर थाना पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला सुनियोजित तरीके से रचा गया था और आरोपियों ने पहले से ही प्लान बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं उन्होंने पहले भी इसी तरह की वारदातें तो नहीं कीं।