करंट लगने से 2 दोस्तों की मौत; दोनों परिवारों के इकलौते बेटे थे

सिरसा में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

करंट लगने से 2 दोस्तों की मौत; दोनों परिवारों के इकलौते बेटे थे

चारा काटते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए दोनों युवक

दोस्त को बचाने गया दूसरा युवक भी करंट की चपेट में आया

परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाकर FIR की मांग की


हरियाणा के सिरसा जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक खेत में साइलेज मेकर मशीन से पशुओं के लिए मक्की का चारा काट रहे थे। करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

बुर्जकर्मगढ में हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजन और खड़ी मशीन व ट्रैक्टर-ट्राली। ऊपर से गुजर रही बिजली की तारें।

मृतकों की पहचान रोड़ी निवासी 19 वर्षीय देवेंद्र सिंह और 19 वर्षीय दलजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों गहरे दोस्त थे और खेती-बाड़ी से जुड़े कार्यों में एक-दूसरे का हाथ बंटाते थे। सबसे दुखद बात यह है कि दोनों ही अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे।

हादसे के बाद खड़ा ट्रैक्टर और मशीन, तारें बिलकुल छुती हुई गुजर रही

खेत में चारा काटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुर्जकर्मगढ़ और संगर गांव के पास स्थित खेत में हुआ। बताया गया कि नागोकी निवासी खेत मालिक के खेत में मक्की की फसल का साइलेज बनाने का काम चल रहा था। ठेकेदार के कहने पर देवेंद्र अपनी नई साइलेज मेकर मशीन लेकर खेत में पहुंचा था, जबकि उसका दोस्त दलजीत उसकी मदद के लिए साथ गया था।

प्रत्यक्षदर्शी जगदीप के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे दोनों युवक ट्रॉली में कटा हुआ चारा डाल रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली में खड़े होकर चारा डालते समय उनका शरीर ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही दोनों नीचे गिर पड़े।

सिविल अस्पताल में पहुंचे दोनों मृत यवकों के परिजन

दोस्त को बचाने गया तो खुद भी चपेट में आया

परिजनों का कहना है कि सबसे पहले देवेंद्र की गर्दन बिजली के तार से छू गई, जिससे उसे तेज करंट लगा। अपने दोस्त को तड़पता देख दलजीत उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन उसका हाथ भी हाईटेंशन लाइन से छू गया और वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को पहले एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सिरसा सिविल अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।

दोनों परिवारों का इकलौता सहारा थे

ग्रामीणों के अनुसार, देवेंद्र अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसने हाल ही में नई साइलेज मेकर मशीन खरीदी थी और यह उसका पहला सीजन था। वहीं दलजीत अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। वह केवल दोस्त की मदद करने के लिए खेत गया था। दोनों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

बिजली निगम और खेत मालिक पर लगाए गंभीर आरोप

मृतकों के परिजनों ने बिजली निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें काफी नीचे थीं और इन्हें ऊंचा करने की मांग पहले भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का यह भी आरोप है कि खेत मालिक और ठेकेदार ने काम शुरू करने से पहले कहा था कि बिजली की सप्लाई बंद करवा दी गई है, जबकि लाइन में करंट मौजूद था।

परिजनों ने संबंधित बिजली निगम अधिकारियों, खेत मालिक और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।